थलपति विजय बनेंगे तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री, रविवार सुबह लेंगे शपथ
चेन्नई, 9 मई। तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अभिनेता से नेता बने टीवीके प्रमुख थलपति विजय अब राज्य के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने सरकार बनाने के उनके दावे को स्वीकार कर लिया है। विजय रविवार, 10 मई 2026 को सुबह 10 बजे चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।
राजभवन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार राज्यपाल ने विजय को 13 मई 2026 तक विधानसभा में बहुमत साबित करने का समय दिया है।
121 विधायकों का समर्थन हासिल
तमिलनाडु में जारी सियासी हलचल के बीच शनिवार को थलपति विजय ने एक बार फिर राज्यपाल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने 121 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा, जो बहुमत के आंकड़े 118 से अधिक है।
टीवीके को कांग्रेस, CPI, CPI(M), VCK और IUML का समर्थन मिल गया है। इन दलों के समर्थन के बाद विजय के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया।
चार दिनों तक चला राजनीतिक ड्रामा
मुख्यमंत्री की कुर्सी तक विजय का सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रहा। पिछले चार दिनों में उन्होंने चार बार राज्यपाल से मुलाकात की। पहली बार विजय ने 112 विधायकों के समर्थन के साथ सरकार बनाने का दावा पेश किया था, लेकिन राज्यपाल ने बहुमत साबित करने के लिए अतिरिक्त समर्थन पत्र मांगे थे।
शुक्रवार तक समर्थन का आंकड़ा 116 पर पहुंचा था, लेकिन VCK और IUML की ओर से समर्थन पत्र मिलने में देरी हो रही थी। शनिवार सुबह दोनों दलों के बिना शर्त समर्थन के बाद विजय के पास 121 विधायकों का समर्थन हो गया।
चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी टीवीके
हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। हालांकि थलपति विजय की पार्टी टीवीके (Tamilaga Vettri Kazhagam) ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार विजय 1967 के बाद तमिलनाडु की राजनीति में ऐसे पहले नेता होंगे जो DMK और AIADMK गठबंधनों से अलग रहकर सरकार का नेतृत्व करेंगे।
थलपति विजय के मुख्यमंत्री बनने की खबर के बाद उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। चेन्नई समेत कई जिलों में जश्न का माहौल है।

