भाजपा के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने संभाला पदभार
अमित शाह और जेपी नड्डा ने किया भव्य स्वागत
दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में सोमवार को पार्टी के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने औपचारिक रूप से पदभार संभाल लिया। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
भाजपा मुख्यालय पहुंचने पर नितिन नबीन का फूलों और तालियों के साथ अभिनंदन किया गया। इसके बाद अमित शाह और जेपी नड्डा ने उन्हें भाजपा अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाकर शुभकामनाएं दीं। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तालियां बजाकर नए कार्यकारी अध्यक्ष का उत्साहवर्धन किया।
कार्यकर्ताओं और नेताओं ने किया अभिनंदन
पार्टी मुख्यालय में बड़ी संख्या में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नितिन नबीन को गुलदस्ते भेंट किए। इससे पहले दिल्ली एयरपोर्ट पर भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने नितिन नबीन का अभिनंदन किया, वहीं भाजपा कार्यालय में स्वागत से जुड़े बैनर और पोस्टर लगाए गए थे।
संसदीय बोर्ड ने दी थी मंजूरी
भाजपा संसदीय बोर्ड ने रविवार को नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने की मंजूरी दी थी। इसके बाद पार्टी की ओर से आधिकारिक बयान जारी कर उनके नाम की घोषणा की गई। नई जिम्मेदारी मिलने पर नितिन नबीन ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक कार्यकर्ता पर भरोसा जताया है और भाजपा हमेशा कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का काम करती रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह पार्टी के विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
बिहार से पूर्वी भारत तक नया अध्याय
बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री रहे नितिन नबीन ने कहा कि पार्टी का नेतृत्व करना किसी चुनौती से कम नहीं है, लेकिन वह पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। 45 वर्षीय नितिन नबीन पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं और हालिया विधानसभा चुनाव में लगातार पांचवीं बार निर्वाचित हुए हैं।
वह भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र हैं। नितिन नबीन भाजपा के सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय अध्यक्षों में शामिल हैं और बिहार ही नहीं, बल्कि पूर्वी भारत से भी पहले भाजपा अध्यक्ष बने हैं।
बिहार की जनता का जताया आभार
दिल्ली रवाना होने से पहले पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए नितिन नबीन ने बिहार और अपने निर्वाचन क्षेत्र बांकीपुर की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र के लोगों के आशीर्वाद और समर्थन ने उन्हें यहां तक पहुंचाया है।
नितिन नबीन ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे और पार्टी को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।
मंदिर दर्शन और श्रद्धांजलि
दिल्ली रवाना होने से पहले नितिन नबीन ने पटना के महावीर मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने अपने पिता और दिवंगत भाजपा नेता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

