सरकार का भरोसा: घरों में एलपीजी की आपूर्ति रहेगी निर्बाध, पैनिक बुकिंग से बचने की अपील
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में घरेलू एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है और लोगों को गैस सिलेंडर के लिए घबराहट में बुकिंग करने की आवश्यकता नहीं है। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि सभी उपभोक्ताओं तक बिना किसी रुकावट के एलपीजी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने शुक्रवार को मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि घरेलू एलपीजी के उत्पादन में 5 मार्च की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की कमी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि देशभर में किसी भी एलपीजी डीलर के पास गैस की कमी नहीं है।
उन्होंने यह भी बताया कि हाल के दिनों में एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग में अचानक बढ़ोतरी देखी गई है। जहां पहले औसतन प्रतिदिन 55.7 लाख बुकिंग होती थी, वहीं अब यह संख्या बढ़कर करीब 75.7 लाख तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि यह बढ़ोतरी लोगों द्वारा की जा रही पैनिक बुकिंग की वजह से हुई है, जबकि इसकी कोई जरूरत नहीं है।
दरअसल, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर असर पड़ा है। ईरान और ओमान के बीच स्थित होर्मुज जलडमरूमध्य, जो दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा मार्गों में से एक है, वहां से तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है। यह लगभग 50 मील लंबा संकरा समुद्री रास्ता खाड़ी क्षेत्र को अरब सागर से जोड़ता है और दुनिया के करीब 20 प्रतिशत तेल तथा बड़ी मात्रा में एलएनजी की आपूर्ति इसी मार्ग से होती है।
भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए बड़े पैमाने पर आयात पर निर्भर है। देश लगभग 88 प्रतिशत कच्चा तेल, करीब 50 प्रतिशत एलएनजी और लगभग 60 प्रतिशत एलपीजी विदेशों से आयात करता है, जिसमें से अधिकांश आपूर्ति इसी मार्ग से होकर आती है।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे हालात में कुछ लोग कालाबाजारी और जमाखोरी की कोशिश कर सकते हैं। इसे रोकने के लिए सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। सभी राज्यों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्थानीय स्तर पर निगरानी बढ़ाएं और किसी भी प्रकार की ब्लैक मार्केटिंग को तुरंत रोकें। साथ ही तेल कंपनियों के कॉल सेंटर में कर्मचारियों और सीटों की संख्या बढ़ा दी गई है, ताकि उपभोक्ताओं की शिकायतों और सवालों का तुरंत समाधान किया जा सके।
सरकार ने आम जनता से तीन अहम अपील भी की हैं—
- घबराहट में खरीदारी या पैनिक बुकिंग न करें।
- केवल जरूरत के अनुसार ही एलपीजी सिलेंडर बुक करें।
- किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
सरकार का कहना है कि देश में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और आम लोगों को चिंता करने की जरूरत नहीं है।

