कोच्चि में ईरानी युद्धपोत का वीडियो बनाने की कोशिश, टीवी चैनल का रिपोर्टर समेत तीन गिरफ्तार
केरल के कोच्चि में खड़े ईरानी नौसेना के युद्धपोत का वीडियो बनाने की कोशिश करने के आरोप में पुलिस ने एक टीवी चैनल के रिपोर्टर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के आरोप में की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों में टीवी चैनल Republic TV के तिरुवनंतपुरम स्थित रिपोर्टर शंकर, कैमरामैन मणि और ड्राइवर विजयकुमार शामिल हैं। आरोप है कि ये लोग नाव के जरिए हाई-सिक्योरिटी जोन में पहुंचकर ईरानी नौसेना के युद्धपोत IRIS Lavan का वीडियो बनाने की कोशिश कर रहे थे।
मौके पर मौजूद Central Industrial Security Force (CISF) के जवानों ने उन्हें रोक लिया और हिरासत में लेकर बाद में Kerala Police की हार्बर पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस ने जारी की सख्त चेतावनी
घटना के बाद कोच्चि के डीसीपी Ashwathi GG ने सुरक्षा को लेकर सख्त चेतावनी जारी की। उन्होंने कहा कि केरल के तट पर खड़े विदेशी या संवेदनशील जहाजों की फोटो खींचना या वीडियो बनाना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास ऐसे वीडियो या फोटो मौजूद हैं तो उन्हें तुरंत डिलीट कर देना चाहिए। चूंकि यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा है, इसलिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
तकनीकी खराबी के कारण कोच्चि पहुंचा ईरानी जहाज
जानकारी के मुताबिक ईरानी नौसेना का युद्धपोत IRIS Lavan तकनीकी खराबी के कारण कोच्चि तट पर लंगर डाले हुए है। इससे पहले ईरान ने भारत सरकार से जहाज को मरम्मत के लिए डॉक करने की अनुमति मांगी थी।
समुद्री सुरक्षा और कूटनीतिक कारणों को ध्यान में रखते हुए भारत ने 1 मार्च को इस अनुरोध को मंजूरी दी, जिसके बाद जहाज 4 मार्च को सुरक्षित रूप से Kochi Port पहुंच गया।
183 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित निकाला गया
जहाज पर सवार कुल 183 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। फिलहाल उन्हें भारतीय नौसेना की निगरानी में विशेष सुविधा केंद्रों में रखा गया है। सुरक्षा कारणों से उन्हें अभी नेवी परिसर से बाहर जाने की अनुमति नहीं है।
रक्षा सूत्रों के अनुसार जहाज की तकनीकी स्थिति की जांच की जा रही है और मरम्मत के बाद आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।

