भारत से मैच खेलने को तैयार पाकिस्तान, तीन शर्तों पर अटका मामला
IND vs PAK T20 World Cup Match
टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होने की संभावना अब लगभग तय मानी जा रही है। इस दिशा में रविवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। आईसीसी के डिप्टी चेयरमैन ख्वाजा लाहौर पहुंचे, जहां उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम के साथ अहम बैठक की।
बैठक के बाद पाकिस्तानी मीडिया में दावा किया गया है कि आपसी बातचीत से 24 घंटे के भीतर विवाद सुलझ सकता है। ऐसे में भारत-पाकिस्तान मुकाबले का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है।
पीएम से मिलेंगे PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी
सूत्रों के मुताबिक, PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी सोमवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वह मौजूदा हालात और भारत के खिलाफ मैच खेलने को लेकर बोर्ड के रुख से प्रधानमंत्री को अवगत कराएंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद इस मुद्दे पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।
भारत से मैच खेलने के लिए पाकिस्तान की तीन शर्तें
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भारत के खिलाफ मैच खेलने के लिए ICC के सामने तीन अहम शर्तें रखी हैं। हालांकि, अभी तक ICC या PCB की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
पाकिस्तान की प्रमुख शर्तें इस प्रकार हैं—
- ICC रेवेन्यू में अधिक हिस्सा
PCB चाहता है कि ICC की कुल कमाई में पाकिस्तान को पहले से अधिक हिस्सा दिया जाए। - भारत-पाक द्विपक्षीय सीरीज की बहाली
पाकिस्तान की मांग है कि भारत के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज को दोबारा शुरू किया जाए। - हैंडशेक प्रोटोकॉल लागू हो
मैदान पर खेल भावना बनाए रखने के लिए दोनों टीमों के बीच हैंडशेक प्रोटोकॉल को अनिवार्य करने की शर्त रखी गई है।
जल्द हो सकता है बड़ा ऐलान
सूत्रों का कहना है कि यदि इन शर्तों पर सहमति बन जाती है, तो टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान महामुकाबले की आधिकारिक घोषणा जल्द की जा सकती है। क्रिकेट फैंस को अब बस अंतिम फैसले का इंतजार है।

