दिल्ली के सत्य निकेतन में 5 मंजिला इमारत ढहने से 6 की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
नई दिल्ली: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में पांच मंजिला पुरानी इमारत भरभराकर ढह जाने से छह लोगों की मौत हो गई। डीयू के साउथ कैंपस के पास स्थित इस इमारत में छात्रों के लिए पीजी संचालित किया जा रहा था, जहां घटना के वक्त मरम्मत व निर्माण कार्य चल रहा था। हादसे का रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
पलभर में जमींदोज हुई इमारत, मची अफरा-तफरी सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे देखते ही देखते पूरी पांच मंजिला इमारत कुछ ही पलों में मलबे के ढेर में तब्दील हो गई। बिल्डिंग के गिरते ही चारों ओर धूल का घना गुबार छा गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लगभग 40-50 साल पुरानी इस इमारत में एक बेसमेंट और पांच मंजिलें थीं, जिसमें डीयू के छात्र पीजी में रह रहे थे। परिसर में करीब 40 लोगों के ठहरने की क्षमता थी।
एनडीआरएफ और पुलिस का युद्ध स्तर पर रेस्क्यू घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ-साथ दिल्ली पुलिस, एनडीआरएफ, दमकल विभाग और डीडीएमए (DDMA) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सोमवार सुबह भी मलबे को हटाने और फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान जारी है। अधिकारियों का मानना है कि मलबे में अभी भी कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका है, जिन्हें सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सीएम रेखा गुप्ता ने दिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश हादसे के बाद स्थिति का जायजा लेने पहुंचीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का मुआयना किया और इस पूरे मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इमारत गिरने के असली कारणों की गहराई से जांच हो और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने इमारत के कथित मालिक हरिराम व अन्य के खिलाफ साउथ कैंपस थाने में प्राथिमकी (FIR) दर्ज कर ली है। डीसीपी (दक्षिण-पश्चिम) अमित गोयल ने मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि की है।

