जम्मू-कश्मीर: उधमपुर में गहरी खाई में गिरा CRPF का वाहन, 2 जवान शहीद, 12 घायल
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के बसंतगढ़ इलाके में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जब सीआरपीएफ का वाहन कंडवा के पास अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में 2 जवान शहीद हो गए, जबकि 12 गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। वाहन में कुल 18 जवान सवार थे।
यह दुर्घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है। उधमपुर के एएसपी संदीप भट्ट ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायल जवानों की हालत को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
केंद्रीय मंत्री और उपराज्यपाल ने जताया दुख
घटना की जानकारी मिलने पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने उधमपुर की डीसी सलोनी राय से बातचीत कर राहत कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि प्रशासन घायलों को हरसंभव सहायता मुहैया करा रहा है।
वहीं जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने अधिकारियों को बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।