बेंगलुरु मेट्रो का किराया 5% बढ़ा, 9 फरवरी से महंगा होगा सफर, जानें नए टिकट रेट
बेंगलुरु मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को जल्द ही महंगाई का झटका लगने वाला है। कर्नाटक सरकार ने नम्मा मेट्रो (बेंगलुरु मेट्रो रेल) के किराए में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। सरकार की सहमति के बाद अब मेट्रो किराया 5 प्रतिशत बढ़ाने का फैसला लिया गया है, जिससे यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
हालांकि, बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMRCL) की ओर से अभी तक किराया बढ़ोतरी को लेकर कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक 9 फरवरी से नई दरें लागू हो सकती हैं। अब केवल औपचारिक घोषणा किया जाना बाकी है।
पहले भी बढ़ चुके हैं मेट्रो किराए
गौरतलब है कि पिछले साल मेट्रो किराए में बढ़ोतरी को लेकर राज्य और केंद्र सरकार के बीच सियासी टकराव देखने को मिला था। भाजपा नेताओं ने जहां राज्य सरकार पर किराया बढ़ाने का आरोप लगाया था, वहीं कांग्रेस नेताओं ने इसके लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया था। लेकिन इस बार राज्य सरकार ने खुद किराया बढ़ाने पर सहमति दे दी है।
जानिए बढ़ोतरी के बाद टिकट के नए दाम
5 प्रतिशत बढ़ोतरी के बाद बेंगलुरु मेट्रो के कुछ प्रमुख रूट्स के किराए इस प्रकार होंगे:
- मैजेस्टिक से व्हाइटफील्ड: ₹80 से बढ़कर ₹84
- मैजेस्टिक से बोम्मासंद्रा: ₹80 से बढ़कर ₹84
- मैजेस्टिक से चल्लगट्टा: ₹60 से बढ़कर ₹63
- ₹10 की टिकट अब ₹11 की होगी
- ₹90 की टिकट बढ़कर ₹95 हो जाएगी
यात्रियों पर बढ़ेगा अतिरिक्त बोझ
गौरतलब है कि 9 फरवरी 2025 को मेट्रो किराए में 101.5 प्रतिशत तक की भारी बढ़ोतरी की गई थी, जिसका जमकर विरोध हुआ था। विरोध के बाद BMRCL ने इसे घटाकर 71.5 प्रतिशत कर दिया था। अब एक बार फिर 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी से यात्रियों की परेशानी बढ़ना तय माना जा रहा है।
बेंगलुरु मेट्रो शहर की लाइफलाइन मानी जाती है और रोजाना लाखों यात्री इससे सफर करते हैं। ऐसे में किराए में बढ़ोतरी का सीधा असर आम यात्रियों पर पड़ना तय है।

