नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव जीतेगी, पार्टी नेताओं ने जताया भरोसा
भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। नितिन नबीन ने मंगलवार को औपचारिक रूप से भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाल लिया। 45 वर्ष की उम्र में वे भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। इससे पहले यह जिम्मेदारी जगत प्रकाश नड्डा के पास थी।
दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, नितिन गडकरी सहित कई केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय रिटर्निंग अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने नितिन नबीन को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर प्रमाण-पत्र सौंपा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा,
“नितिन नबीन मेरे बॉस हैं, मैं एक कार्यकर्ता हूं।”
पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नबीन की युवा ऊर्जा और संगठन के प्रति समर्पण भाजपा को नई मजबूती देगा। उन्होंने नितिन नबीन को “नई पीढ़ी का प्रतिनिधि” बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी और सशक्त होगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा की संगठनात्मक ताकत का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जिसके पास 240 लोकसभा सीटें हैं और कई राज्यों में सरकारें हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष अपने पतन की जिम्मेदारी खुद ले, जबकि भाजपा विकास और सेवा के मार्ग पर लगातार आगे बढ़ रही है। पीएम ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को और विस्तार दें।
गौरतलब है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए 19 जनवरी को नामांकन प्रक्रिया पूरी हुई थी, जिसमें केवल नितिन नबीन का ही नामांकन हुआ। किसी अन्य उम्मीदवार के न होने के कारण उन्हें निर्विरोध चुना गया। 20 जनवरी को आयोजित समारोह में औपचारिक रूप से उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस मौके पर ईटीवी भारत से बातचीत में केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने कहा कि भाजपा निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रही है। उन्होंने कहा कि युवा और ऊर्जावान नेतृत्व में पार्टी आने वाले सभी चुनावों में शानदार प्रदर्शन करेगी और जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, वहां भाजपा की जीत तय है।
वहीं गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि उन्होंने नितिन नबीन के साथ युवा मोर्चा में काम किया है और कश्मीर तक पार्टी के लिए पदयात्रा भी की है। उन्होंने नितिन नबीन को एक जमीनी, सुलझे हुए और संगठन को समझने वाले नेता बताया।
केंद्रीय मंत्री एसपी बघेल ने भी भाजपा की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि पार्टी के लिए अब कोई भी चुनाव चुनौती नहीं है। विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा आने वाले सभी प्रमुख राज्यों—चाहे पश्चिम बंगाल हो, पंजाब हो या उत्तर प्रदेश—में सत्ता में आएगी।
पार्टी नेताओं का कहना है कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा संगठनात्मक रूप से और मजबूत होगी और आगामी विधानसभा चुनावों में निर्णायक जीत हासिल करेगी।

