Speed @180: कोटा में फिर वंदे भारत स्लीपर का हाई-स्पीड ट्रायल, ग्लास में रखा पानी भी नहीं छलका
कोटा: दिल्ली–मुंबई रेलवे ट्रैक पर एक बार फिर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सफल स्पीड ट्रायल किया गया। यह हाई-स्पीड परीक्षण मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त (सीसीआरएस) जनक कुमार जैन की उपस्थिति में संपन्न हुआ। ट्रायल के दौरान 16 कोच की वंदे भारत स्लीपर ट्रेन कोटा से नागदा के बीच दौड़ाई गई।
तेज रफ्तार में ट्रेन की स्थिरता और संतुलन परखने के लिए एक विशेष प्रयोग किया गया, जिसमें कांच के गिलास में पानी भरकर रखा गया। 180 की स्पीड पर दौड़ने के बावजूद पानी की एक बूंद भी नहीं छलकी, जिससे ट्रेन की शानदार स्थिरता और उन्नत सस्पेंशन सिस्टम का प्रदर्शन हुआ।
रेलवे की ओर से इस हाई-स्पीड ट्रायल के दौरान कई स्थानों पर वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई। इनमें देखा गया कि 180 किमी प्रति घंटे की गति से दौड़ती वंदे भारत स्लीपर ट्रेन महज 20 सेकंड में स्टेशन को पार कर गई। परीक्षण के समय कोटा रेल मंडल के डीआरएम अनिल कालरा भी ट्रेन में मौजूद रहे।
कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि यह उच्च गति परीक्षण पूरी तरह सफल रहा। ट्रायल के दौरान ट्रेन की स्थिरता, दोलन गति, इमरजेंसी ब्रेक सिस्टम और अन्य सुरक्षा प्रणालियों की बारीकी से जांच की गई। इसके अलावा कई तकनीकी बिंदुओं पर भी निरीक्षण किया गया, जिसमें ट्रेन का प्रदर्शन संतोषजनक पाया गया।
इस परीक्षण में भारतीय रेलवे के अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (RDSO), लखनऊ, इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF), चेन्नई, मेघा सर्वो ड्राइव्स लिमिटेड और फेवली इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
सीनियर डीसीएम सौरभ जैन ने बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 16 कोच हैं, जिनमें स्लीपर और एसी कोच शामिल हैं। यात्रियों के लिए इनमें बेहद आरामदायक बर्थ उपलब्ध कराई जाएंगी। सेमी-हाई स्पीड ट्रेन होने के कारण इसमें अपग्रेडेड सस्पेंशन सिस्टम लगाया गया है, जिससे तेज गति के दौरान भी कंपन बेहद कम महसूस होता है और यात्रियों को आरामदायक सफर मिलता है।
इसके अलावा ट्रेन में ऑटोमेटिक गेट, लेटेस्ट टॉयलेट सिस्टम, फायर सेफ्टी और अन्य अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरण, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।

