ऑपरेशन सिंदूर: एयर स्ट्राइक की ब्रीफिंग में दिखा महिला शक्ति का परचम, कर्नल सोफिया कुरैशी बनीं गर्व का कारण
पाकिस्तान में भारतीय सेना की कार्रवाई के तहत ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से नौ आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया गया। इस जवाबी हमले में दर्जनों आतंकियों के मारे जाने और सैकड़ों के घायल होने की सूचना है। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई, जिसमें कई निर्दोष लोगों की जान गई थी।
इस महत्वपूर्ण ऑपरेशन की जानकारी देने के लिए बुधवार को सेना और विदेश मंत्रालय की ओर से संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई। इस ब्रीफिंग में विदेश सचिव विक्रम मिस्री के साथ दो महिला सैन्य अधिकारी भी शामिल हुईं – कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह। दोनों महिला अधिकारियों ने ऑपरेशन की बारीकियों और लक्ष्यों पर विस्तार से जानकारी दी।
कौन हैं कर्नल सोफिया कुरैशी?
कर्नल सोफिया कुरैशी भारतीय सेना की सिग्नल कोर की अधिकारी हैं। वे देश की उन चुनिंदा महिला अफसरों में से हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी भारत का नाम रोशन किया है। साल 2016 में उन्होंने भारत में आयोजित ‘एक्सरसाइज फोर्स 18’ नामक बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास में भारतीय टुकड़ी का नेतृत्व किया था। इस अभ्यास में शामिल 18 देशों के सैन्य अधिकारियों में वे एकमात्र महिला कमांडर थीं।
सोफिया कुरैशी मूल रूप से गुजरात के वडोदरा की रहने वाली हैं और उनका जन्म 1981 में हुआ था। उन्होंने जैव रसायन (Biochemistry) में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की है। सैन्य पृष्ठभूमि से आने वाली सोफिया के दादा भी भारतीय सेना में सेवा दे चुके हैं। उनकी शादी भी एक सेना अधिकारी, मेजर ताजुद्दीन कुरैशी से हुई है जो मैकेनाइज्ड इन्फेंट्री से जुड़े हैं।
सोफिया ने 1999 में भारतीय सेना में कदम रखा था और चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी से अपनी सैन्य शिक्षा पूरी की थी। इसके अलावा उन्होंने संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के अंतर्गत भी छह वर्षों तक अपनी सेवाएं दी हैं। वर्ष 2006 में वे कांगो में यूएन मिशन का हिस्सा बनीं जहाँ उन्होंने सैन्य पर्यवेक्षक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
महिला शक्ति की मिसाल
‘ऑपरेशन सिंदूर’ की रणनीतिक सफलता के साथ-साथ, इस ब्रीफिंग में महिला अधिकारियों की मौजूदगी ने यह संदेश भी दिया कि भारतीय सेना में महिलाएं न केवल कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं, बल्कि वे नेतृत्व की भूमिका में भी मजबूती से खड़ी हैं।