‘यह नेतृत्व नहीं, नौटंकी है’ — पीएम मोदी और मेलोनी की ‘MELODY’ वीडियो पर राहुल गांधी का तंज
इटली दौरे पर गए प्रधानमंत्री Narendra Modi और इटली की प्रधानमंत्री Giorgia Meloni के बीच ‘मेलोडी’ टॉफी को लेकर हुई हल्की-फुल्की बातचीत अब भारतीय राजनीति में चर्चा का विषय बन गई है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi ने इस वीडियो को लेकर प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा है।
दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने इटली यात्रा के दौरान जॉर्जिया मेलोनी को ‘मेलोडी’ टॉफी गिफ्ट की। इसके बाद मेलोनी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह मुस्कुराते हुए कहती नजर आईं, “प्रधानमंत्री मोदी मेरे लिए एक बहुत ही अच्छी टॉफी लेकर आए हैं… मेलोडी।” वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी भी हंसते हुए दिखाई दिए। मेलोनी ने पोस्ट के साथ लिखा, “उपहार के लिए धन्यवाद।”
इस वीडियो के सामने आने के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “आर्थिक तूफान सिर पर है और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफी बांट रहे हैं।” उन्होंने आगे लिखा, “किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे व्यापारी परेशान हैं, जबकि पीएम रील बना रहे हैं और बीजेपी ताली बजा रही है। यह नेतृत्व नहीं, नौटंकी है।”
क्या है ‘MELODY’ हैशटैग?
‘MELODY’ शब्द प्रधानमंत्री मोदी और जॉर्जिया मेलोनी के नामों को मिलाकर बनाया गया है। यह पहली बार साल 2023 में दुबई में आयोजित COP28 सम्मेलन के दौरान चर्चा में आया था। उस समय मेलोनी ने मोदी के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए ‘#Melodi’ हैशटैग इस्तेमाल किया था, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।
इसके बाद दोनों नेताओं की कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हुई मुलाकातों के दौरान यह हैशटैग लगातार चर्चा में बना रहा। अब मेलोडी टॉफी वाला वीडियो सामने आने के बाद यह एक बार फिर सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा है।
पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में इटली पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी 15 से 20 मई तक संयुक्त अरब अमीरात, Netherlands, Sweden, Norway और Italy की यात्रा पर हैं। यह दौरा उनके पांच देशों के विदेशी दौरे का अंतिम चरण है। इटली में दोनों नेताओं के बीच व्यापार, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और तकनीकी सहयोग जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
संयुक्त बयान में दोनों नेताओं ने कहा कि भारत और इटली के संबंध अब “विशेष रणनीतिक साझेदारी” के स्तर तक पहुंच चुके हैं। उन्होंने वैश्विक बदलावों के दौर में दोनों देशों के बीच मजबूत राजनीतिक और आर्थिक सहयोग पर जोर दिया।

