देहरादून में विश्व प्लम्बर दिवस पर 33 प्लम्बर, पम्प ऑपरेटर और फीटर्स सम्मानित, जल संरक्षण का लिया संकल्प
देहरादून, 11 मार्च 2026। जल महोत्सव पखवाड़ा के अंतर्गत विश्व प्लम्बर दिवस के अवसर पर देहरादून में जिला स्तर पर “प्लम्बर सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सर्वे चौक स्थित भवन सभागार में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन, देहरादून के तत्वावधान में आयोजित हुआ। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के उपाध्यक्ष अभिनव शाह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 33 प्लम्बर्स, पम्प ऑपरेटरों और फीटर्स को सम्मानित किया गया। उत्तराखण्ड पेयजल निगम और उत्तराखण्ड जल संस्थान में कार्यरत इन कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए टूल किट भेंट कर सम्मान दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि इन कर्मियों के समर्पित प्रयासों के कारण ही दूर-दराज के क्षेत्रों सहित शहरों में भी घर-घर तक स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित हो पा रही है।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने अपने संबोधन में कहा कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में कार्यरत प्लम्बर, पम्प ऑपरेटर और फीटर्स प्रथम पंक्ति के ऐसे कार्यकर्ता हैं, जो पेयजल योजनाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि इनकी मेहनत और जिम्मेदारी के कारण लोगों को घरों में नल से शुद्ध जल उपलब्ध हो रहा है। इससे जलजनित बीमारियों में कमी आई है और शिशु मृत्यु दर को कम करने में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।
उन्होंने यह भी बताया कि प्लम्बर सम्मान समारोह केवल जनपद स्तर पर ही नहीं, बल्कि जिले के सभी छह विकासखण्डों में भी आयोजित किया गया, ताकि पेयजल व्यवस्था से जुड़े कर्मियों के योगदान को सम्मानित किया जा सके और उन्हें प्रोत्साहित किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान विश्व प्लम्बर दिवस के अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को जल संरक्षण और जल स्रोतों के संवर्द्धन का संकल्प भी दिलाया गया। सभी प्रतिभागियों ने अपने परिवार, मित्रों, पड़ोसियों और समाज को जल बचाने के लिए जागरूक करने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों के संरक्षण का प्रण लिया।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता कंचन रावत, अधिशासी अभियंता सचिन सहित जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा उत्तराखण्ड पेयजल निगम और उत्तराखण्ड जल संस्थान की विभिन्न शाखाओं में कार्यरत प्लम्बर्स, पम्प ऑपरेटर और फीटर्स भी कार्यक्रम में शामिल हुए। अधिकारियों ने सभी सम्मानित कर्मियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।

