दुबई पहुंचेगी उत्तराखंड की ट्राउट फिश, सर्टिफिकेशन प्रक्रिया में जुटा मत्स्य विभाग
उत्तराखंड में मत्स्य पालकों की आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य सरकार लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। इसी क्रम में हाल ही में 170 करोड़ रुपये की लागत से ट्राउट प्रोत्साहन योजना की शुरुआत की गई है, जिसके तहत मत्स्य पालकों को आधुनिक सुविधाएं और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
अब राज्य सरकार और मत्स्य विभाग ट्राउट फिश के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार खोलने की दिशा में भी तेजी से काम कर रहे हैं। इसी के तहत उत्तराखंड की ट्राउट फिश को जल्द ही दुबई भेजने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए खाद्य सुरक्षा से जुड़े आवश्यक प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी सर्टिफिकेशन तैयार किए जा रहे हैं, ताकि निर्यात प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जा सके।
आईटीबीपी को अब तक 30.70 टन ट्राउट फिश की सप्लाई
मत्स्य विभाग पहले से ही भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) को ट्राउट फिश की आपूर्ति कर रहा है। बीते 15 महीनों में 30.70 टन ट्राउट फिश आईटीबीपी को सप्लाई की जा चुकी है। वहीं राज्य में ट्राउट फिश का उत्पादन लगातार बढ़ रहा है, जिससे अब नए और बड़े बाजारों की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
दुबई के साथ सेना को सप्लाई की भी तैयारी
आईटीबीपी के बाद राज्य सरकार भारतीय सेना को भी ट्राउट फिश की सप्लाई के लिए बातचीत कर रही है। इसी बीच एक कदम आगे बढ़ाते हुए सरकार ने दुबई जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजार में ट्राउट फिश निर्यात का निर्णय लिया है। इससे न सिर्फ राज्य के मत्स्य पालकों को बेहतर दाम मिलेंगे, बल्कि उत्तराखंड की पहचान वैश्विक स्तर पर भी मजबूत होगी।

