उत्तराखंड में यमुनोत्री के लिए हरबर्टपुर से बड़कोट बैंड तक नई डबल लेन सड़क की मंजूरी
देहरादून के हर्बर्टपुर, कालसी से बड़कोट बैंड तक डबल लेन सड़क बनाई जाएगी। इस सड़क का चौड़ीकरण केंद्र सरकार ने 507 राष्ट्रीय राजमार्ग में 346.82 करोड़ रुपये की लागत से मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है।
लंबे समय से उत्तरकाशी जिले में कालसी, हरबर्टपुर से बड़कोट बैंड के बीच की सड़क के चौड़ीकरण की मांग चल रही थी। अब इस रास्ते का विकास होने से स्थानीय निवासियों को कई लाभ होंगे, विशेषकर राजधानी से निकट होने के कारण। साथ ही, यह रास्ता चारधाम यात्रा के साथ-साथ उत्तरकाशी जिले के लोगों के लिए भी अधिक सुलभ हो जाएगा।
इससे यमुनोत्री आने वाले यात्री अब महिन्द्रा गढ़, टिहरी और धरासू के माध्यम से सीधे हरबर्टपुर, कालसी के रास्ते से यमुनोत्री पहुंच सकेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में सड़क निर्माण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।
प्रदेश में संपर्क मार्ग बेहतर होने से विकास को भी नई गति मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में दिल्ली-देहरादून के बीच एक्सप्रेस वे का निर्माण होने से यह सफर कुछ घंटों में हो सकेगा। कालसी से बड़कोट बैंड के बीच सड़क के चौड़ीकरण से स्थानीय निवासियों को बड़ा फायदा होगा। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने इसके लिए प्रधानमंत्री, केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इसके लिए अनुरोध किया था। इसकी स्वीकृति मिलने से स्थानीय निवासियों को बड़ा फायदा होगा।