उत्तराखंड PCS परीक्षा में बेरीनाग का परचम, दो युवाओं ने हासिल की बड़ी सफलता
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) द्वारा घोषित पीसीएस परीक्षा-2024 के परिणामों में पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग क्षेत्र के दो युवाओं ने शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। सुकल्याड़ी निवासी राजकुमार डसीला का चयन उप शिक्षा अधिकारी (Deputy Education Officer) पद पर हुआ है, जबकि रैतौली निवासी विनोद सिंह बोहरा राज्य कर अधिकारी (State Tax Officer) बनने में सफल रहे हैं।
तीसरे प्रयास में मिली सफलता
सुकल्याड़ी गांव के राजकुमार डसीला ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय प्राथमिक विद्यालय सुकल्याड़ी से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई राजकीय इंटर कॉलेज बेरीनाग से तथा बीएससी की शिक्षा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग से पूरी की।
राजकुमार पिछले पांच वर्षों से दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। लगातार मेहनत और समर्पण के बल पर उन्होंने तीसरे प्रयास में उत्तराखंड पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर उप शिक्षा अधिकारी पद हासिल किया।
राजकुमार के पिता जगत सिंह डसीला हाल ही में प्रधानाध्यापक पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि उनकी माता गीता डसीला गृहिणी हैं। उनकी सफलता पर परिवार और क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। राजकुमार ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को दिया है।
बिना कोचिंग बने राज्य कर अधिकारी
बेरीनाग विकासखंड की ग्राम पंचायत रीठा-रैतौली के रैतौली निवासी विनोद सिंह बोहरा का चयन राज्य कर अधिकारी (State Tax Officer) पद पर हुआ है। विनोद ने हाईस्कूल की शिक्षा रीठा रैतौली से, इंटरमीडिएट जीआईसी मुवानी से तथा स्नातक की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय से पूरी की।
दिल्ली में रहकर तैयारी करने वाले विनोद ने बिना किसी कोचिंग के यह सफलता हासिल की। उन्होंने बताया कि उन्होंने यूट्यूब, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के माध्यम से परीक्षा की तैयारी की।
विनोद के पिता गोपाल सिंह बोहरा निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि माता लीला बोहरा गृहिणी हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सहयोग को दिया है।
क्षेत्र में खुशी की लहर
दोनों युवाओं की सफलता से बेरीनाग क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि राजकुमार डसीला और विनोद सिंह बोहरा की उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी। दोनों के घरों में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है और क्षेत्रवासी उनकी इस सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं।

