उत्तराखंड जिला पंचायत चुनाव: 11 में से 10 सीटों पर भाजपा का कब्जा, कांग्रेस को देहरादून में बड़ी जीत
उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नतीजों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 में से 10 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट अपने नाम की, जबकि कांग्रेस को सिर्फ एक सीट पर जीत मिली। नैनीताल के नतीजे फिलहाल लंबित हैं।
टिहरी इशिता सजवाण भाजपा
यूएस नगर अजय मौर्य भाजपा
चंपावत आनंद सिंह अधिकारी भाजपा
पिथौरागढ़ जितेंद्र प्रसाद भाजपा
उत्तरकाशी रमेश चौहान भाजपा
चमोली दौलत सिंह बिष्ट भाजपा
अल्मोड़ा हेमा गैड़ा भाजपा
रुद्रप्रयाग पूनम कठैत भाजपा
पौड़ी रचना बुटोला भाजपा
बागेश्वर शोभा आर्या भाजपा
देहरादून सुखविंदर कौर कांग्रेस
चमोली में भाजपा के दौलत सिंह बिष्ट ने 19 वोटों से जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस की रमा देवी को मात्र 5 वोट मिले। उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा के लक्ष्मण सिंह खत्री विजयी रहे। हालांकि, ब्लॉक प्रमुख चुनाव में पोखरी सीट कांग्रेस के खाते में गई, बाकी सीटों पर भाजपा और निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे। हार के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने इस्तीफा दे दिया।
देहरादून में कांग्रेस को बड़ी सफलता मिली। सुखविंदर कौर ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर 17-13 से भाजपा की मधु चौहान को हराया। उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक सिंह ने 18-12 से जीत हासिल की।
टिहरी में भाजपा की इशिता सजवाण निर्विरोध अध्यक्ष बनीं, लेकिन उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस के मान सिंह रौतेला ने जीत दर्ज की।
पौड़ी में भाजपा की रचना बुटोला जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं। 15 में से 10 ब्लॉकों पर भाजपा, 2 पर कांग्रेस, 2 पर निर्दलीय और 1 पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार विजयी रहे।
बागेश्वर में भाजपा की शोभा आर्या और उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल ने जीत दर्ज की।
उत्तरकाशी में भाजपा के रमेश चौहान निर्विरोध अध्यक्ष बने। 6 में से 4 ब्लॉकों पर भाजपा, 1 पर निर्दलीय और 1 सीट लॉटरी से भाजपा के खाते में गई।
अल्मोड़ा में भाजपा की हेमा गैड़ा अध्यक्ष बनीं। अधिकांश ब्लॉकों पर भाजपा का कब्जा रहा।
रुद्रप्रयाग में भाजपा की पूनम कठैत अध्यक्ष बनीं, जबकि ब्लॉक प्रमुख पदों पर कांग्रेस और भाजपा में कांटे की टक्कर रही।
पिथौरागढ़ में भाजपा के जितेंद्र प्रसाद निर्विरोध विजयी रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इसे 2027 विधानसभा चुनाव के लिए सकारात्मक संदेश बताया और दावा किया कि 85% ग्राम प्रधान और 70% ब्लॉक प्रमुख पद भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीते हैं।
वहीं, कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने नैनीताल चुनाव में भाजपा पर “गुंडागर्दी” के आरोप लगाए और कहा कि कांग्रेस समर्थित सदस्यों को मतदान से रोका गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा प्रत्याशियों को ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी और इसे जनता के विश्वास, संगठन की शक्ति और जनसेवा के संकल्प का प्रमाण बताया।