उच्च शिक्षा विभाग को मिले 10 नए प्रयोगशाला सहायक, मंत्री धन सिंह रावत ने सौंपे नियुक्ति पत्र
देहरादून। उत्तराखंड उच्च शिक्षा विभाग को विज्ञान वर्ग के विभिन्न विषयों में 10 नए प्रयोगशाला सहायक मिल गए हैं। राज्य लोक सेवा आयोग के माध्यम से चयनित इन अभ्यर्थियों को मंगलवार को उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर मंत्री ने सभी नव नियुक्त प्रयोगशाला सहायकों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे विभागीय दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करने का आह्वान किया।
उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रतीक्षा सूची से चयनित इन 10 प्रयोगशाला सहायकों में भौतिक विज्ञान के 1, जंतु विज्ञान के 3, वनस्पति विज्ञान के 4 और भूगोल विषय के 2 अभ्यर्थी शामिल हैं। सभी चयनित प्रयोगशाला सहायकों की प्रथम तैनाती प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों के राजकीय महाविद्यालयों में की गई है।
भौतिक विज्ञान विषय में चयनित राकेश चंद्र बिनवाल को द्वाराहाट महाविद्यालय में नियुक्त किया गया है। जंतु विज्ञान में विमला मौनी को द्वाराहाट, पूजा को कर्णप्रयाग तथा रोहन कौशिक को गैरसैंण महाविद्यालय में तैनाती दी गई है। वनस्पति विज्ञान में शिवानी को कर्णप्रयाग, हरिओम को सतपुली, पुलकित प्रताप को द्वाराहाट और कुलदीप सिंह चौहान को थत्यूड़ महाविद्यालय में नियुक्त किया गया है। वहीं भूगोल विषय में चयनित महादेव नौटियाल को नैनीडांडा और हरीश चंद्र जोशी को कांडा महाविद्यालय में पहली तैनाती दी गई है।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राजकीय महाविद्यालयों में प्रयोगशाला सहायकों की नियुक्ति से प्रायोगिक कक्षाओं का संचालन सुचारू रूप से हो सकेगा। इससे छात्र-छात्राओं को प्रयोगशालाओं में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और वे अपने विषयों की गहन समझ विकसित कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रयोगात्मक शिक्षा से छात्रों के कौशल विकास के साथ-साथ वास्तविक समस्याओं को समझने और समाधान करने की क्षमता भी बढ़ेगी।
मंत्री ने विश्वास जताया कि सभी नव नियुक्त प्रयोगशाला सहायक शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और राज्य के उच्च शिक्षा तंत्र को मजबूत करेंगे।

