देहरादून- खेल महाकुंभ 2026: 1 सितंबर से शुरू होगी मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी
देहरादून, 7 अगस्त 2026। उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आगामी 1 सितंबर से ‘खेल महाकुंभ 2026 – मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी’ का शुभारंभ होगा। न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता की तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित वर्चुअल बैठक में तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, टीम भावना और संघर्षशीलता जैसे जीवन मूल्यों के विकास का भी मजबूत आधार हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खेल महाकुंभ का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक युवा प्रतियोगिताओं में भाग लें। साथ ही पूर्व वर्षों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की प्रगति का विश्लेषण कर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर भी जोर दिया।
खेल महाकुंभ के तहत 1 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर, 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा स्तर, 21 से 30 सितंबर तक संसदीय क्षेत्र स्तर तथा 1 अक्टूबर से राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं में अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग के बालक एवं बालिकाएं हिस्सा लेंगे।
प्रतिभागियों के लिए क्यूआर कोड और ‘खेलोयूके’ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा पंचायत भवन, शिक्षण संस्थानों, नगर निकायों, ब्लॉक, तहसील, जिला मुख्यालय और संबंधित विभागीय कार्यालयों में ऑफलाइन आवेदन भी जमा किए जा सकेंगे।
प्रतियोगिता में खो-खो, बॉक्सिंग, जूडो, ताइक्वांडो, कराटे, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और शतरंज सहित कई खेलों को शामिल किया गया है।
बैठक में विधायक उमेश शर्मा (काऊ) और ऋषिकेश नगर निगम के मेयर शंभू पासवान ने खेल महाकुंभ को युवाओं की प्रतिभा निखारने का प्रभावी मंच बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस पहल से प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।
जिलाधिकारी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायतीराज, खेल, पेयजल, विद्युत, सूचना, पुलिस तथा पीआरडी विभागों को समन्वित रूप से आयोजन की सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि न्याय पंचायत, विधानसभा और संसदीय क्षेत्र स्तर पर विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र, पदक और नगद पुरस्कार दिए जाएंगे। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए क्रमशः 300, 200 और 150 रुपये, विधानसभा स्तर पर 500, 400 और 300 रुपये, जबकि संसदीय क्षेत्र स्तर पर 800, 600 और 400 रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि खेल महाकुंभ में प्रतिभागियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2023-24 में 12,383, 2024-25 में 34,570 और 2025-26 में 53,550 खिलाड़ियों ने भाग लिया। पिछले वर्ष देहरादून ने 146 स्वर्ण, 92 रजत और 80 कांस्य सहित कुल 318 पदक जीतकर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित सभी उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

