उत्तराखंड: महिला अपराधों में वृद्धि पर कांग्रेस का राज्य सरकार पर हमला, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन – JYOTI RAUTELA MET GOVERNOR
उत्तराखंड में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को राज्यपाल गुरमीत सिंह से मुलाकात की और उन्हें एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
महिला अपराधों की भयावह तस्वीर पेश की गई
ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेश में पिछले तीन वर्षों में महिलाओं के साथ दुष्कर्म की 1,822 घटनाएं दर्ज की गई हैं। साथ ही 318 अज्ञात महिलाओं के शव बरामद हुए हैं, जिनमें से केवल 87 की ही पहचान हो सकी है। पिछले पांच सालों में 10,500 महिलाएं लापता हुई हैं, जिनमें से 767 महिलाएं अब भी गायब हैं।
ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया कि प्रदेश में महिला अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पिछले तीन सालों में महिला अपराधों के 1,03,947 मामले विभिन्न थानों में दर्ज हुए हैं, जो चिंता का विषय हैं।
हरिद्वार केस को लेकर भी उठाए सवाल
महिला कांग्रेस ने हरिद्वार में एक 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ गैंगरेप की घटना का भी ज़िक्र किया। इस मामले में एक भाजपा नेता की संलिप्तता का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि आरोपी महिला जेल में बंद है, लेकिन उसका एक फोन कॉल ऑडियो वायरल हुआ है, जिससे जेल में उसे विशेष सुविधाएं मिलने का संकेत मिलता है। इससे प्रदेश की न्याय प्रणाली और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठते हैं।
महिला सुरक्षा के लिए विशेष जांच आयोग की मांग
महिला कांग्रेस ने राज्यपाल से मांग की कि महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों की जांच के लिए एक विशेष आयोग या उच्च स्तरीय जांच कमेटी का गठन किया जाए। साथ ही उन्होंने उत्तराखंड महिला आयोग और बाल आयोग को भंग कर, इनकी स्वतंत्रता और जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए नए सिरे से पुनर्गठन की मांग की।
महिला कांग्रेस ने यह भी आग्रह किया कि महिला एवं बाल विकास मंत्री समेत सभी संबंधित अधिकारियों से इन मामलों पर जवाब तलब किया जाए। उन्होंने CBI और SIT जांच की सिफारिश भी राज्यपाल के समक्ष रखी।