उत्तरकाशी में बारिश का कहर: सीएम धामी ने किया हवाई सर्वेक्षण, राहत कार्यों में तेजी के निर्देश
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में हाल की भारी बारिश और भूस्खलन से उत्पन्न आपदा के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सिलाई बैंड, ओजारी और स्यानाचट्टी क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। मुख्यमंत्री के साथ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी इस निरीक्षण में शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने यमुनोत्री हाईवे और आसपास के क्षेत्रों की स्थिति का आकलन किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत और बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर अंजाम दिया जाए। उन्होंने कहा कि आपदा के समय राज्य सरकार हर प्रभावित नागरिक के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी।
भारी बारिश से भारी नुकसान, 9 मजदूर बहे, कई अभी भी लापता
उत्तरकाशी के बड़कोट क्षेत्र में सिलाई बैंड पर अतिवृष्टि के कारण भूस्खलन हुआ, जिससे निर्माण कार्य में लगे मजदूरों का कैंप चपेट में आ गया। 20 मजदूर तो सुरक्षित निकाल लिए गए, लेकिन 9 मजदूर पानी में बह गए। इनमें से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि 7 अब भी लापता हैं।
इसी प्रकार यमुनोत्री पैदल मार्ग पर भी चट्टानें गिरने और भूस्खलन के चलते तीर्थयात्रियों की जानें गई हैं। जखोल, पांव और सुनकुड़ी जैसे क्षेत्रों में सड़कें बह गईं और सेब की फसलों को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
हवाई सर्वेक्षण के बाद सीएम का बयान
सीएम धामी ने कहा कि राहत कार्यों की दोबारा समीक्षा की जाएगी और संबंधित विभागों को क्षति का विस्तृत आकलन कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी प्रभावित परिवारों को समय पर राहत और पुनर्वास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में सड़कें टूट गई हैं या आवागमन बाधित हुआ है, वहां जल्द से जल्द वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाए और आवश्यक संसाधन पहुंचाए जाएं।