देहरादून | धामी कैबिनेट में बड़ा फेरबदल: धन सिंह रावत से स्वास्थ्य विभाग वापस, सुबोध उनियाल बने नए स्वास्थ्य मंत्री
उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार में कैबिनेट विस्तार के बाद विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। इस फेरबदल में बड़ा बदलाव करते हुए कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत से स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी वापस ले ली गई है। अब यह अहम विभाग कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल को सौंपा गया है।
मुख्यमंत्री के पास अहम विभाग बरकरार
जारी सूची के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सामान्य प्रशासन, गृह, कार्मिक, सतर्कता, नियुक्ति एवं प्रशिक्षण और सूचना एवं जनसंपर्क जैसे महत्वपूर्ण विभाग अपने पास ही रखे हैं। ये विभाग शासन संचालन की रीढ़ माने जाते हैं और प्रशासनिक नियंत्रण के लिहाज से बेहद अहम हैं।
सुबोध उनियाल को मिला अतिरिक्त दायित्व
सुबोध उनियाल पहले से ही वन, निर्वाचन, विधायी एवं संसदीय कार्य विभाग संभाल रहे थे। अब उन्हें स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है, जिससे उनकी भूमिका और प्रभाव दोनों बढ़ गए हैं।
अनुभव और सियासी सफर
सुबोध उनियाल राज्य की राजनीति के कद्दावर नेताओं में गिने जाते हैं और अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी और 2002 में नरेंद्रनगर सीट से पहली बार विधायक बने।
साल 2016 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा। इसके बाद 2017 और 2022 में भी नरेंद्रनगर से जीत दर्ज कर सरकार में मंत्री बने।
पहले भी संभाल चुके हैं अहम जिम्मेदारियां
त्रिवेंद्र सरकार में सुबोध उनियाल कृषि, बागवानी और रेशम जैसे विभाग संभाल चुके हैं। वर्तमान में वन विभाग के साथ-साथ अब स्वास्थ्य विभाग मिलने से उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है।
राजनीतिक संकेत क्या?
धामी सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक सुधार और विभागीय प्रदर्शन को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विभाग को अनुभवी नेता को सौंपकर सरकार बेहतर कामकाज का संदेश देना चाहती है।

