उत्तराखंड में मंत्रिमंडल विस्तार पर डॉ. नरेश बंसल की शुभकामनाएं, बोले—विकास को मिलेगी नई गति
देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल ने उत्तराखंड सरकार में नवनियुक्त कैबिनेट मंत्रियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस निर्णय को राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण और स्वागतयोग्य कदम बताया है।
डॉ. बंसल ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री ने केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में लंबे समय से रिक्त पड़े पांच मंत्री पदों पर नियुक्ति कर एक सकारात्मक पहल की है। उन्होंने कहा कि इससे सरकार की कार्यक्षमता और निर्णय लेने की गति में तेजी आएगी।
देहरादून स्थित लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में महामहिम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में विधायक खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, राम सिंह कैड़ा और प्रदीप बत्रा ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल ने सभी मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
डॉ. बंसल ने सभी नवनियुक्त मंत्रियों को उनके नए दायित्व के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह टीम जनसेवा के प्रति समर्पित और अनुभवी नेताओं की है, जो राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास की यात्रा में यह एक नया अध्याय है, जो संतुलित और समावेशी विकास को मजबूती देगा। डॉ. बंसल ने विश्वास जताया कि सभी मंत्री अपने अनुभव और प्रतिबद्धता के साथ प्रदेश की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे।

