देहरादून: नई ऊर्जा, नई सोच के साथ पी.सी. ध्यानी ने संभाली यूपीसीएल की कमान
सीएम धामी के ‘ऊर्जा प्रदेश’ विजन को देंगे नई रफ्तार, स्मार्ट तकनीक, निर्बाध बिजली और उपभोक्ता सेवाओं पर रहेगा विशेष फोकस
देहरादून, 3 जुलाई। उत्तराखंड शासन द्वारा चयनित किए जाने के बाद वरिष्ठ ऊर्जा विशेषज्ञ पी.सी. ध्यानी ने गुरुवार को उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक (एमडी) का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता यूपीसीएल को उपभोक्ता-केंद्रित, आधुनिक, तकनीक-सक्षम और वित्तीय रूप से मजबूत विद्युत वितरण कंपनी के रूप में विकसित करना होगी।
करीब चार दशक के अनुभव वाले पी.सी. ध्यानी इससे पहले पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) में निदेशक (मानव संसाधन) और प्रभारी प्रबंध निदेशक के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वर्ष 2016 से लगभग चार वर्षों तक वे यूपीसीएल में निदेशक (मानव संसाधन) की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। वर्ष 1988 में उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद से अपने सेवाकाल की शुरुआत करने वाले ध्यानी ने ऊर्जा क्षेत्र में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए व्यापक प्रशासनिक और प्रबंधकीय अनुभव हासिल किया है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद पी.सी. ध्यानी ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और परिणामोन्मुख कार्यशैली के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के ‘ऊर्जा प्रदेश’ के विजन को साकार करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल होगा।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, मजबूत विद्युत अवसंरचना, स्मार्ट मीटरिंग, डिजिटल सेवाओं के विस्तार और बेहतर उपभोक्ता सुविधाओं के माध्यम से यूपीसीएल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही प्रदेश के सभी उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण, विश्वसनीय और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए वितरण नेटवर्क को और मजबूत किया जाएगा। विशेष रूप से दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता सुधारने के लिए अलग कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
पी.सी. ध्यानी ने अधिकारियों को बिजली चोरी पर प्रभावी नियंत्रण, बिलिंग दक्षता बढ़ाने, राजस्व संग्रहण में सुधार और परिचालन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर धरातल पर उतारना प्राथमिकता होगी।
संगठनात्मक सुधारों पर जोर देते हुए उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति तथा एसीपी से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आगामी मानसून के मद्देनजर बिजली व्यवस्था को मजबूत रखने तथा अगले वर्ष आयोजित होने वाले दिव्य एवं भव्य कुंभ मेले के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारियां समय पर पूरी करने पर भी विशेष बल दिया।
उन्होंने विश्वास जताया कि अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग, अनुभव और समर्पण से यूपीसीएल उपभोक्ता सेवा, वितरण दक्षता और संगठनात्मक विकास के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा तथा उत्तराखंड के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर निवर्तमान प्रबंध निदेशक जी.एस. बुदियाल ने पी.सी. ध्यानी को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उत्तरांचल पावर इंजीनियर्स एसोसिएशन, लेखा संवर्ग, हाइड्रो इम्प्लाइज यूनियन (इंटक) सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर निदेशक (वितरण एवं परियोजना) एम.आर. आर्य, निदेशक (वित्त) कमल शर्मा, अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) डॉ. आर.जे. मलिक, मुख्य अभियंता जसवंत सिंह, अमित कुमार, कंपनी सचिव प्रियंका दुआ सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

