उत्तराखंड में खेल स्टेडियमों के नाम बदलने पर कांग्रेस का विरोध, सरकार ने दी सफाई
उत्तराखंड में प्रमुख खेल परिसरों के नाम बदलने को लेकर राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य सरकार के इस फैसले का कड़ा विरोध किया है और आंदोलन की चेतावनी दी है। कांग्रेस नेताओं ने इसे “अविवेकपूर्ण” और “राजनीतिक दुर्भावना” से प्रेरित कदम बताया है, वहीं राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि केवल खेल परिसरों के नाम बदले गए हैं, स्टेडियमों के नाम यथावत रहेंगे।
कांग्रेस का ऐलान – राज्यपाल से मिलकर जताएंगे विरोध, करेंगे धरना-प्रदर्शन

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में शुक्रवार को प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि सरकार ने पूर्वाग्रह से प्रेरित होकर देहरादून के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज का नाम बदलकर रजत जयंती खेल परिसर कर दिया है, हल्द्वानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का नाम मानसखंड खेल परिसर, रुद्रपुर के मनोज सरकार स्टेडियम को शिवालिक खेल परिसर, और हरिद्वार स्थित वंदना कटारिया स्टेडियम को योगस्थली खेल परिसर नाम दिया गया है। पार्टी ने इन नाम परिवर्तनों को वापस लेने की मांग की है।
नाम बदलने को बताया ‘संकीर्ण राजनीति’

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने इसे संकीर्ण राजनीति का प्रतीक बताते हुए कहा कि राज्य में ज़मीनी विकास के बजाय नाम बदलने की राजनीति हो रही है। उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार को नाम और काम का फर्क समझना चाहिए। विकास काम से होता है, नाम बदलने से नहीं।”

वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने बयान जारी कर कहा कि भाजपा की राजनीति केवल नाम बदलने तक सीमित रह गई है। यह निर्णय न सिर्फ तानाशाही मानसिकता को दर्शाता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि भाजपा विकास को केवल प्रतीकों से जोड़कर देख रही है। उन्होंने मांग की कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए निर्णय वापस लिया जाए।
सरकार की सफाई – स्टेडियमों के नहीं, सिर्फ परिसरों के बदले नाम
सरकार की ओर से शुक्रवार को अपर निदेशक खेल विभाग अजय कुमार अग्रवाल ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही खबरें भ्रामक हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल खेल परिसरों के नाम बदले गए हैं, जबकि उनके अंतर्गत आने वाले स्टेडियमों और अन्य खेल सुविधाओं के नाम पहले जैसे ही रहेंगे।
उन्होंने बताया कि:
- देहरादून का रायपुर खेल परिसर अब रजत जयंती खेल परिसर,
- हल्द्वानी का गौलापार खेल परिसर अब मानसखंड खेल परिसर,
- रुद्रपुर का खेल परिसर अब शिवालिक खेल परिसर,
- हरिद्वार का रोशनाबाद खेल परिसर अब योगस्थली खेल परिसर के नाम से जाना जाएगा।
इन परिसरों के अंतर्गत आने वाले स्टेडियम जैसे राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, इंदिरा गांधी स्टेडियम, वंदना कटारिया हॉकी स्टेडियम आदि के नामों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।