देहरादून सिंगल यूज प्लास्टिक पर डीएम सख्त, सप्लाई नेटवर्क तोड़ने के निर्देश; अनधिकृत डंपिंग पर होगी कार्रवाई
देहरादून: जिले में सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल और अनधिकृत डंपिंग पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई केवल अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसके उत्पादन, भंडारण, आपूर्ति और उपयोग की पूरी श्रृंखला पर प्रभावी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय के आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्लास्टिक सप्लाई करने वाले नेटवर्क पर कार्रवाई
राज्य कर विभाग के अधिकारियों को संबंधित औद्योगिक इकाइयों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने प्लास्टिक निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की आपूर्ति, उपलब्ध स्टॉक, उत्पादन क्षमता और वितरण की जानकारी जुटाकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
इसके साथ ही बाजारों में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क को चिन्हित कर उसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
अनधिकृत डंपिंग साइट पर नजर, तत्काल उठेगा प्लास्टिक कचरा
डीएम ने सभी एसडीएम को जिले में बल्क वेस्ट जनरेटर और कूड़े की अनधिकृत डंपिंग साइटों को तत्काल चिन्हित करने को कहा। ऐसी जगहों से प्लास्टिक कचरा उठवाकर उसका नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम और सभी नगर निकायों को उपलब्ध मानव संसाधन और अन्य संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करते हुए अभियान को प्रभावी बनाने को कहा गया है। डीएम ने स्पष्ट किया कि संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद प्लास्टिक कचरे के निस्तारण में लापरवाही सामने आने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
कॉम्पेक्टर मशीनों की मांगी रिपोर्ट
ब्लॉक और न्याय पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराई गई कॉम्पेक्टर मशीनों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से रिपोर्ट तलब करते हुए पूछा कि कितनी मशीनें संचालित हैं और अब तक कितनी मात्रा में प्लास्टिक कचरे का निस्तारण किया गया है।
कालसी क्षेत्र में कॉम्पेक्टर तक कूड़ा पहुंचाने में आ रही दिक्कत और अधिक लागत की शिकायत पर डीएम ने साइट चयन में लापरवाही बरतने वाली टीम के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
100 वार्डों में चलेगा सघन चेकिंग अभियान
नगर निगम देहरादून के सभी 100 वार्डों के लिए तैनात सेक्टर अधिकारियों को सघन चेकिंग अभियान चलाने के साथ-साथ जनजागरूकता गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
सेक्टर अधिकारियों को अपने-अपने वार्ड में अनधिकृत डंपिंग साइटों की पहचान कर तत्काल सूचना देने को कहा गया है। इसके बाद नगर निगम के माध्यम से विशेष सफाई अभियान चलाकर वहां जमा प्लास्टिक कचरे का निस्तारण कराया जाएगा।
प्रतिबंधित प्लास्टिक की आपूर्ति करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम बोले- स्थायी समाधान के लिए व्यवहार परिवर्तन जरूरी
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक की समस्या का स्थायी समाधान केवल कार्रवाई से नहीं, बल्कि व्यवहार परिवर्तन से संभव है। उन्होंने लोगों को प्लास्टिक के पर्यावरण और मानव जीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और वैकल्पिक उत्पादों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, ज्वाइंट कमिश्नर राज्य कर अजय कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


