एशियन स्कीइंग माउंटेनियरिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे उत्तराखंड के शार्दुल थपलियाल
देहरादून। उत्तराखंड के उभरते स्कीइंग खिलाड़ी Shardul Thapliyal चीन में आयोजित होने जा रही एशियन स्कीइंग माउंटेनियरिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतियोगिता 16 से 20 मार्च के बीच चीन में आयोजित की जाएगी, जिसमें एशिया के कई देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
जोशीमठ के बड़गांव निवासी शार्दुल थपलियाल वर्तमान में Graphic Era Deemed University में बीटेक सिविल इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष के छात्र हैं। ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय ने अपने इस प्रतिभाशाली छात्र को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए चीन रवाना किया।
इस अवसर पर ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन Dr. Kamal Ghanshala ने शार्दुल को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वह प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने शार्दुल को बेहतर खेल उपकरण उपलब्ध कराने के लिए तीन लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की। शार्दुल के अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने को लेकर विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
इससे पहले शार्दुल थपलियाल ने Central University of Kashmir में आयोजित इंटर यूनिवर्सिटी स्कीइंग चैंपियनशिप में स्की माउंटेनियरिंग (स्प्रिंट) स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था।
उल्लेखनीय है कि ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय के पांच छात्र-छात्राएं ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इसके अलावा भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्व चैंपियनशिप विजेता खिलाड़ी Sneh Rana भी ग्राफिक एरा की छात्रा रह चुकी हैं।

