देहरादून- सेवा पखवाड़ा में 20 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश में किया सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ, स्वास्थ्य शिविर से लेकर रोजगार और स्वरोजगार योजनाओं तक मिला लाभ
ऋषिकेश, 5 जुलाई। उत्तराखंड सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘सेवा पखवाड़ा’ कार्यक्रम शनिवार को ऋषिकेश के आईडीपीएल ग्राउंड में जनसेवा और सुशासन का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 20 हजार से अधिक लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया, जबकि 3,500 से अधिक लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने पुष्पवर्षा कर राज्यपाल और मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने पर नागरिकों ने उन्हें बधाई भी दी।
एक ही स्थान पर मिली कई सरकारी सेवाएं
सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जनपदों के विभिन्न विभागों ने संयुक्त रूप से सेवाएं उपलब्ध कराईं। एकीकृत प्रयास के तहत आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया और पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया।
विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही आवेदन और लाभ वितरण की व्यवस्था भी की गई, जिससे लोगों को एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं प्राप्त हुईं।
स्वास्थ्य शिविर में 1,009 मरीजों की जांच
कार्यक्रम के दौरान आयोजित विशाल स्वास्थ्य शिविर में 1,009 मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच और उपचार किया गया। इनमें 212 हड्डी रोग, 70 स्त्री रोग तथा 81 नेत्र, नाक एवं कान रोगियों का उपचार किया गया।
इसके अलावा 13 बच्चों का टीकाकरण किया गया, 15 आयुष्मान कार्ड और 20 आभा कार्ड बनाए गए। शिविर में 95 एक्स-रे, 70 रक्त जांचें भी की गईं। आयुष विभाग ने 310 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं, जबकि 23 दिव्यांग प्रमाण पत्रों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण भी किए गए।
पेंशन, उपकरण और स्वरोजगार योजनाओं का लाभ
समाज कल्याण विभाग ने विधवा, वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन के 75 मामलों को मौके पर स्वीकृति प्रदान की, जबकि 10 यूडीआईडी कार्ड जारी किए गए। इसके अलावा 280 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए।
कृषि, उद्यान, उद्योग, डेयरी, मत्स्य, रेशम, पशुपालन और लीड बैंक सहित विभिन्न विभागों ने 1,200 से अधिक लाभार्थियों को अपनी योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूहों, लघु उद्योगों और विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया।
सहकारिता विभाग के अंतर्गत पंजीकृत पांच स्वयं सहायता समूहों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रत्येक को पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
जापान में रोजगार पाने वाले युवाओं का सम्मान
कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त कर अल्मोड़ा, देहरादून और टिहरी के तीन युवाओं का जापान में रोजगार के लिए चयन होने पर उन्हें भी सम्मानित किया गया। इन युवाओं को लगभग एक लाख रुपये प्रतिमाह के पैकेज पर रोजगार मिला है, जिसे राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया गया।
इसके अतिरिक्त मत्स्य, उद्यान, उद्योग और डेयरी विभाग के उत्कृष्ट लाभार्थियों को भी उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

