तुंगनाथ-चोपता में मौसम का कहर, तेज आंधी-तूफान में दो सगे भाइयों की मौत, दो घायल
विश्व प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक स्थल तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र में शुक्रवार को अचानक बदले मौसम ने बड़ा हादसा करा दिया। तेज आंधी, तूफान और खराब मौसम के चलते इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में लखनऊ के दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। घटना के बाद प्रशासन, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 4:17 बजे रुद्रप्रयाग जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र में अचानक मौसम खराब होने से कई लोग रास्तों में फंस गए हैं। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और तत्काल डीडीआरएफ, एसडीआरएफ व एंबुलेंस सेवा की टीमों को मौके पर रवाना किया गया।
दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और लगातार बिगड़ते मौसम के बीच राहत एवं बचाव दलों ने कड़ी मशक्कत करते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया। टीमों ने दो गंभीर घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस तक पहुंचाया, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ भेजा गया।
इस हादसे में लखनऊ निवासी दो सगे भाइयों अभिषेक वाजपेई और अभिनव वाजपेई पुत्र सजीत वाजपेई की मौत हो गई। वहीं, लखनऊ निवासी राजन मिश्रा और उन्नाव निवासी शुभम शुक्ला घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है।
ऊखीमठ थाना प्रभारी मनोज नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तेज तूफान और अचानक बदले मौसम के कारण यह हादसा हुआ। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम और अन्य वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग भेज दिया गया है।
प्रशासन ने मौसम खराब होने के दौरान यात्रियों और पर्यटकों से सतर्क रहने तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा से पहले मौसम की जानकारी लेने की अपील की है।

