मुख्यमंत्री धामी ने चारधाम यात्रा मार्गों को दुरुस्त करने का दिया भरोसा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा मार्गों को सुचारु करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है। उन्होंने बताया कि गंगोत्री मार्ग को खोल दिया गया है, हालांकि मानसून के कारण कुछ स्थानों पर संपर्क बीच-बीच में टूट रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुनोत्री मार्ग पर खरशाली क्षेत्र में भारी क्षति हुई है, लेकिन इस मार्ग को ठीक करने का काम तेजी से जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगले 10-12 दिनों में यह मार्ग पूरी तरह से बहाल हो जाएगा, जिसके बाद यात्रा सामान्य रूप से चलेगी।
धामी ने यह भी जानकारी दी कि बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम के मार्गों पर यात्रा सुगमता से संचालित हो रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा में आने वाली किसी भी रुकावट को तत्काल हटाया जाए। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार के प्रयासों से श्रद्धालु अपनी यात्रा को सुरक्षित और बिना बाधा के पूरा कर सकेंगे।