गैरसैंण को 231.91 करोड़ की 12 विकास योजनाओं की सौगात, सीएम धामी ने किया लोकार्पण और शिलान्यास
गैरसैंण/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में चमोली जिले की कुल 231.91 करोड़ रुपये की 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ रुपये की छह पूर्ण योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन योजनाओं का संबंध पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, भू-धंसाव से सुरक्षा और पुलिस एवं अग्निशमन सुविधाओं से है।
रामगंगा नदी पर 122.69 करोड़ से बनेगा बांध
मुख्यमंत्री ने जिन योजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें सबसे बड़ी योजना गैरसैंण शहर और आसपास की आबादी को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए रामगंगा नदी पर बांध निर्माण की है। इस परियोजना पर 122.69 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में भू-धंसाव से सुरक्षा संबंधी कार्यों के लिए 50.18 करोड़ रुपये से अधिक की योजना का शिलान्यास किया गया। यह कार्य क्षेत्र में भू-धंसाव से प्रभावित आबादी की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
पॉलिटेक्निक भवन और सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास
शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन निर्माण पर 12.16 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण में भवन अनुरक्षण कार्य के लिए 22.75 लाख रुपये की योजना का शिलान्यास किया गया।
सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए 6.99 करोड़ रुपये की लागत से कुमोली रैवान मोटर मार्ग के किलोमीटर 2 से फरखण्डे मोटर मार्ग और 5.60 करोड़ रुपये की लागत से गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्ग के किलोमीटर 2 से कुमोली रैवान मोटर मार्ग से संबंधित कार्यों का शिलान्यास भी किया गया।
34.04 करोड़ की छह योजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई छह विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें 14.82 करोड़ रुपये की लागत से खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग (बछुवाबाण-चौखुटिया) का उच्चीकरण प्रमुख है।
इसके साथ ही 4.37 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में निर्मित ऑडिटोरियम भवन जनता को समर्पित किया गया। सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग के किलोमीटर 6 से 11 तक सुधार और डामरीकरण कार्य पर 4.03 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
कारगिल शहीद रणजीत सिंह (आगर-जिनगोड़) मोटर मार्ग के किलोमीटर 1 से 8 तक सुधार, डामरीकरण और नवीनीकरण कार्य भी पूरा किया गया है। इस परियोजना पर 2.17 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है।
फायर यूनिट और थाना भवन का लोकार्पण
गैरसैंण में पुलिस और अग्निशमन सेवाओं को मजबूत करने के लिए निर्मित दो भवनों का भी मुख्यमंत्री ने लोकार्पण किया। इनमें 4.37 करोड़ रुपये की लागत से बना फायर यूनिट भवन और 4.24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित थाना गैरसैंण भवन शामिल हैं।
इन योजनाओं से क्षेत्र में सड़क संपर्क, पेयजल आपूर्ति, शैक्षिक सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। रामगंगा नदी पर प्रस्तावित बांध से गैरसैंण और आसपास के क्षेत्रों की पेयजल जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी, जबकि बहुगुणानगर में सुरक्षा कार्य स्थानीय आबादी के लिए महत्वपूर्ण हैं।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, भरत चौधरी, स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।


