राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उत्तराखंड दौरा: तैयारियां तेज, विधानसभा अध्यक्ष ने की हाईलेवल मीटिंग
देहरादून: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर तीन और चार नवंबर को उत्तराखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इस सत्र को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संबोधित कर सकती हैं। इसे लेकर बुधवार 29 अक्टूबर को विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में शासन के सभी संबंधित विभागों — पुलिस, प्रशासन, सूचना एवं जनसंपर्क, चिकित्सा, ऊर्जा, पेयजल, लोक निर्माण, परिवहन और विधानसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसमें राष्ट्रपति के आगमन से जुड़ी सुरक्षा, प्रोटोकॉल और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
विधानसभा अध्यक्ष ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि तैयारियों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं तय समय पर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि यह सत्र राज्य के लिए ऐतिहासिक होगा क्योंकि इसमें उत्तराखंड की 25 वर्षों की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की जाएगी।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि राष्ट्रपति के आगमन और संबोधन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, मीडिया कवरेज, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के लिए पूर्व निर्धारित सूची बनाई जाएगी। इस कार्य की जिम्मेदारी शासन और विधानसभा सचिवालय को सौंपी गई है।
विधानसभा परिसर में प्रवेश और आवागमन के लिए विशेष पास प्रणाली लागू की जाएगी। सूचना विभाग को मीडिया प्रतिनिधियों की सूची 31 अक्टूबर तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रपति के संबोधन के दौरान परिसर में शांति, सुरक्षा और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने मीडिया और प्रशासन के बीच समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया ताकि सभी प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित हो सके।
साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, अग्निशमन, जल-विद्युत आपूर्ति, अतिथियों के स्वागत, यातायात नियंत्रण और चिकित्सा सुविधाओं की भी बैठक में समीक्षा की गई। विधानसभा भवन और आस-पास के क्षेत्रों में फूलों की सजावट, प्रकाश व्यवस्था और उद्यानों के सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।
ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि यह सत्र शांतिपूर्ण, अनुशासित और ऐतिहासिक रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि यह अवसर उत्तराखंड की 25 वर्षों की विकास यात्रा की समीक्षा के साथ-साथ आने वाले वर्षों की नई दिशा तय करने का माध्यम बनेगा।
नैनीताल दौरे की भी तैयारियां शुरू
चार नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का नैनीताल दौरा भी प्रस्तावित है। इसको लेकर जिलाधिकारी और वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक की है।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जनपद में सत्यापन अभियान, अतिरिक्त पुलिस बल की मांग और रूट निरीक्षण का कार्य शुरू कर दिया गया है। सभी थानों और चौकियों को चेकिंग अभियान वृहद स्तर पर चलाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो।
कार्यक्रम के दौरान आम जनता को असुविधा न हो, इसके लिए भी प्रशासन विशेष प्रबंध कर रहा है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 4 नवंबर को कुमाऊं विश्वविद्यालय के 20वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी, जहां वे छात्र-छात्राओं को संबोधित करेंगी और मेडल भी प्रदान करेंगी। इसके बाद वे भवाली स्थित कैंची धाम मंदिर में दर्शन करने जाएंगी।


 
		 
			 
			 
			 
			 
			