मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और हिमाचल के लोक निर्माण मंत्री के बीच मुलाकात
पांवटा साहिब में यमुना नदी पर स्थित 550 मीटर लंबे टू लेन पुल की मरम्मत की जाएगी, जो अब कमजोर हो चुका है। वाहनों की आवाजाही के कारण पुल में कम्पन हो रहा है। नतीजतन, पुल को अगले दो महीनों के लिए वाहनों के लिए बंद किया जाएगा, और दोनों राज्य वैकल्पिक मार्ग से आवागमन जारी रखेंगे।
बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और हिमाचल के लोक निर्माण मंत्री के बीच सड़क संपर्क सुधारने के मुद्दे पर चर्चा हुई। हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ने वाले पांवटा साहिब में यमुना नदी पर स्थित 550 मीटर लंबे टू लेन पुल में वाहनों की आवाजाही के कारण भारी कम्पन हो रही है। आई.आई.टी. रूडकी की जांच और सिफारिश के बाद, भारत सरकार के सड़क परिवहन मंत्रालय ने मरम्मत की मंजूरी दे दी है। इसके लिए पुल पर यातायात को कम से कम दो महीने के लिए बंद करना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार इस मरम्मत कार्य के लिए पूरा सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि पुल की मरम्मत से पहले जिलाधिकारी देहरादून और जिलाधिकारी सिरमौर द्वारा एक डायवर्जन प्लान तैयार किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ने बताया कि यातायात की सुगमता के लिए पुल के पास वन, खनन, आबकारी और आरटीओ विभागों द्वारा बनाए गए अवरोधों और लोडेड वाहनों की पार्किंग को पुल से कम से कम 1 किमी दूर स्थानांतरित करने की आवश्यकता होगी। मुख्यमंत्री ने इस पर आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
कैबिनेट मंत्री ने हिमाचल प्रदेश को उत्तराखंड से जोड़ने के प्रयासों को बल देते हुए उत्तराखंड द्वारा यमुना नदी पर बनाए गए भीमावाला-नावघाट 540 मीटर लंबे पुल को जोड़ने वाले 820 मीटर लंबे संपर्क मार्ग के निर्माण पर भी चर्चा की।
उन्होंने कहा कि हिमाचल से उत्तराखंड को जोड़ने वाले धौला से सेवाडोगरी तक 10 किमी सड़क निर्माण से डोडराक्वार क्षेत्र में 12 महीने आवागमन सुचारू हो जाएगा और दोनों राज्यों की आपसी कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।
मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखू से भी फोन पर बातचीत की और दोनों राज्यों की आपसी कनेक्टिविटी को और विस्तार देने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड और हिमाचल की भौगोलिक स्थिति लगभग समान है। हाल ही में संपन्न नीति आयोग की बैठक में हिमालयी राज्यों के समग्र विकास के लिए विशिष्ट नीतियों की भी सिफारिश की गई है।
मुख्यमंत्री ने दोनों राज्यों की सीमा पर स्थानीय किसानों को टोल टैक्स में छूट देने का सुझाव भी दिया।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश की पूर्व लोकसभा सांसद श्रीमती प्रतिभा सिंह, लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय और हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।