एमडीडीए का अवैध निर्माणों पर बड़ा एक्शन, देहरादून में तीन स्थानों पर भवन सील
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अपना अभियान तेज करते हुए शनिवार को देहरादून के तीन अलग-अलग स्थानों पर अवैध आवासीय एवं व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृत मानचित्र अथवा भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन कर किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एमडीडीए की प्रवर्तन टीम ने पहली कार्रवाई दोहरण रोड स्थित आईटी पार्क के निकट की, जहां पुनीत अग्रवाल द्वारा बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान निर्माण नियमों के विपरीत पाए जाने पर टीम ने नियमानुसार भवन को सील कर दिया।
दूसरी कार्रवाई जमन्नीवाला सिंगली रोड क्षेत्र में की गई। यहां अरुण कुमार गुप्ता द्वारा अवैध रूप से व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण का निरीक्षण किया और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर भवन को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। साथ ही निर्माणकर्ता को भविष्य में बिना अनुमति निर्माण कार्य नहीं करने की चेतावनी भी दी गई।
तीसरी कार्रवाई पंडितवाड़ी स्थित कैलाश पाम सिटी सोसायटी में की गई। यहां राकेश सुरी द्वारा स्वीकृत मानकों के विपरीत निर्मित बेसमेंट एवं ग्राउंड फ्लोर पर एमडीडीए ने सीलिंग की कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया, जिसके चलते नियमानुसार कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान दोहरण रोड और जमन्नीवाला क्षेत्र में सहायक अभियंता शैलेन्द्र सिंह रावत, अवर अभियंता विदिता तथा सुपरवाइजरी टीम मौजूद रही। वहीं कैलाश पाम सिटी सोसायटी में सहायक अभियंता शशांक सक्सेना, अवर अभियंता अभिजीत, सुपरवाइजर और पुलिस बल की मौजूदगी में सीलिंग की कार्रवाई पूरी की गई।
एमडीडीए ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। बिना स्वीकृति के किए जा रहे निर्माण तथा स्वीकृत मानचित्र से विपरीत निर्माणों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्राधिकरण का उद्देश्य देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुनियोजित एवं सुरक्षित शहरी विकास सुनिश्चित करना है।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी निर्माण कार्य से पहले आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करें और निर्धारित भवन मानकों का पालन करें। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सीलिंग, ध्वस्तीकरण और अन्य वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध निर्माणों के विरुद्ध नियमित निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान जारी है। जहां भी बिना स्वीकृत मानचित्र अथवा नियमों के विपरीत निर्माण पाया जाएगा, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से भवन निर्माण से पहले सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करने की अपील की।

