देहरादून- मसूरी में एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई, दो अवैध भवन किए सील
देहरादून: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए बुधवार को मसूरी क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने स्वीकृत मानचित्र के विपरीत और बिना वैधानिक अनुमति किए जा रहे निर्माणों को सील कर दिया। एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सुवाखोली में स्वीकृत नक्शे से अलग निर्माण पर कार्रवाई
एमडीडीए की प्रवर्तन टीम ने सबसे पहले चंबा-टिहरी मोटर मार्ग स्थित सुवाखोली क्षेत्र में कार्रवाई की। यहां विनोद बिष्ट द्वारा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण कार्य किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण उपविधियों का उल्लंघन पाए जाने पर प्राधिकरण ने भवन को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
किंगरेट पिक्चर पैलेस मार्ग पर भी भवन सील
इसके बाद प्रवर्तन टीम मसूरी के किंगरेट पिक्चर पैलेस मार्ग पहुंची, जहां सुसमा जैसवाल द्वारा कराया जा रहा निर्माण नियमानुसार नहीं पाया गया। जांच के बाद एमडीडीए ने इस भवन को भी सील कर दिया। दोनों स्थानों पर कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
सुनियोजित विकास के लिए जारी रहेगा अभियान
एमडीडीए अधिकारियों ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। जहां भी बिना अनुमति निर्माण या स्वीकृत मानचित्र से अलग निर्माण की सूचना मिलती है, वहां तत्काल निरीक्षण कर वैधानिक कार्रवाई की जाती है।
अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना नहीं, बल्कि मसूरी जैसे संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्र में सुनियोजित, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल शहरी विकास सुनिश्चित करना भी है।
सीलिंग अभियान के दौरान सहायक अभियंता अजय मलिक, अवर अभियंता अनुराग नौटियाल, सुपरवाइजर और पुलिस बल मौजूद रहे।
बंशीधर तिवारी बोले- कानून से ऊपर कोई नहीं
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में नियोजित एवं सुरक्षित विकास सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना अनुमति या स्वीकृत मानचित्र से अलग किए जाने वाले निर्माण भवन नियमों का उल्लंघन हैं और भविष्य में जनसुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सभी भवन स्वामी निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करें और स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही निर्माण करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सीलिंग, ध्वस्तीकरण और अन्य वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
सचिव मोहन सिंह बर्निया ने की अपील
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण लगातार निगरानी कर रहा है और शिकायत मिलने पर तुरंत जांच की जाती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी निर्माण कार्य से पहले सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करें और स्वीकृत नक्शे के अनुरूप ही निर्माण कराएं, ताकि कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।

