रोहित शर्मा पर टिप्पणी कर बुरे फंसे टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच, मनोज तिवारी ने दिया करारा जवाब
Manoj Tiwary on Rohit Sharma:
टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज़ रोहित शर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही वनडे सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में खास प्रदर्शन नहीं कर सके। वडोदरा वनडे में उन्होंने 26 रन बनाए, जबकि राजकोट में खेले गए दूसरे मैच में वह 24 रन बनाकर आउट हो गए।
इन पारियों के बाद भारतीय टीम के असिस्टेंट कोच रयान टेन डेशकाटे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित शर्मा के प्रदर्शन को लेकर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि रोहित लगातार रन नहीं बना पा रहे हैं क्योंकि वह इंटरनेशनल क्रिकेट में सीमित मैच खेल रहे हैं। उनकी इस टिप्पणी पर अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
मनोज तिवारी ने दिखाई आईना
मनोज तिवारी ने एएनआई से बातचीत में कहा,
“मैं डेशकाटे का सम्मान करता हूं। हम आईपीएल में चार साल तक एक ही टीम (कोलकाता नाइट राइडर्स) के लिए खेले हैं और वह अच्छे इंसान हैं। लेकिन उन्हें अपनी टिप्पणियों पर दोबारा सोचने की जरूरत है।”
तिवारी ने आगे कहा कि डेशकाटे ने भले ही इंटरनेशनल क्रिकेट खेला हो, लेकिन उनके आंकड़े रोहित शर्मा की उपलब्धियों के सामने कहीं नहीं टिकते।
“डेशकाटे के इंटरनेशनल आंकड़े रोहित शर्मा की उपलब्धियों के 5 फीसदी भी नहीं हैं। सिर्फ बल्लेबाज ही नहीं, कप्तान के तौर पर भी रोहित ने उनसे कहीं ज्यादा हासिल किया है।”
ऐसी टिप्पणियों से खिलाड़ियों का मनोबल गिरता है
मनोज तिवारी ने साफ कहा कि टीम मैनेजमेंट के किसी सदस्य द्वारा इस तरह की सार्वजनिक टिप्पणी खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को नुकसान पहुंचा सकती है।
“रोहित शर्मा ने भारत को टी20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी जिताई है। उन्होंने देश को जश्न मनाने का मौका दिया है। ऐसे खिलाड़ी के बारे में इस तरह की बातें करना सही नहीं है। इससे खिलाड़ी का मनोबल टूट सकता है।”
सीमित फॉर्मेट में खेल रहे हैं रोहित शर्मा
गौरतलब है कि रोहित शर्मा पहले ही टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। फिलहाल वह सिर्फ वनडे फॉर्मेट में ही टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इसी वजह से वह इंटरनेशनल क्रिकेट में सीमित तौर पर नजर आ रहे हैं, जिस संदर्भ में डेशकाटे ने यह बयान दिया था।
भारतीय टीम और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा और आखिरी वनडे मुकाबला 18 जनवरी को इंदौर में खेला जाएगा।
रयान टेन डेशकाटे का इंटरनेशनल करियर
पूर्व ऑलराउंडर रयान टेन डेशकाटे ने नीदरलैंड्स के लिए 33 वनडे और 24 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले।
- वनडे: 1541 रन, 55 विकेट
- T20I: 533 रन, 13 विकेट
वहीं रोहित शर्मा अब तक
- वनडे में 11,566 रन
- टेस्ट में 4,301 रन
- T20I में 4,231 रन बना चुके हैं।

