देहरादून- खालागांव में बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क का मंत्री गणेश जोशी ने किया निरीक्षण, पुनर्निर्माण के लिए ₹30 लाख मंजूर
देहरादून, 2 जुलाई। लगातार हो रही बारिश के चलते देहरादून के खालागांव में क्षतिग्रस्त हुए संपर्क मार्ग का गुरुवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर सड़क और सुरक्षा दीवार को हुए नुकसान का जायजा लिया तथा अधिकारियों को पुनर्निर्माण कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान को निर्देशित किया कि क्षतिग्रस्त सड़क और सुरक्षा दीवार के पुनर्निर्माण का विस्तृत इस्टीमेट शीघ्र तैयार कर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करना आवश्यक है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को पुश्ता निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही खालागांव के नाले में चेक डैम निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा, ताकि भविष्य में बरसाती पानी के तेज बहाव से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके और क्षेत्र की सुरक्षा मजबूत हो।
मंत्री ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए 30 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी नहीं होने दी जाएगी और कार्य को निर्धारित मानकों के अनुसार शीघ्र पूरा कराया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, सुंदर सिंह सहित जिला प्रशासन के अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे।

