सीएम धामी ने कालाढूंगी–कोटाबाग को दी विकास की सौगात, 114 करोड़ से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास
विधानसभा कालाढूंगी के कोटाबाग क्षेत्र में आयोजित घोड़ा लाइब्रेरी ‘पहाड़ पंछ्याण’ महोत्सव 2025 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विधानसभा कालाढूंगी और जनपद नैनीताल के लिए करोड़ों रुपये की कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने महोत्सव के मंच से घोषणा करते हुए घोड़ा लाइब्रेरी ‘पहाड़ पंछ्याण’ महोत्सव 2025 के आयोजन के लिए 91 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की। इसके साथ ही जनपद नैनीताल में पशु चिकित्सालय नैनीताल के भवन निर्माण को राज्य योजना के अंतर्गत मंजूरी दी गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि कालाढूंगी–कोटाबाग क्षेत्र में कुल 114 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। इन योजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करना, सड़क कनेक्टिविटी बेहतर बनाना और जनसुविधाओं का विस्तार करना है।
विधानसभा कालाढूंगी में सड़क और पुल निर्माण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को हरी झंडी दी गई। राजकीय प्राथमिक विद्यालय भगवानपुर से राजकीय इंटर कॉलेज लामाचौड़ होते हुए कालाढूंगी मुख्य मार्ग तक डीबीएम बी द्वारा सड़क चौड़ीकरण कार्य को मुख्यमंत्री की घोषणा के अंतर्गत 380.88 लाख रुपये की लागत से स्वीकृति प्रदान की गई।
विकासखंड कोटाबाग के ग्राम वालाकोट (भाटलानी) स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य का 104.56 लाख रुपये की लागत से लोकार्पण किया गया। इसके अलावा निगम नल वाला मार्ग के पीसी द्वारा पुनर्निर्माण एवं शुभम के घर से सुरेश भट्ट के घर तक मार्ग के नव निर्माण के लिए 183.47 लाख रुपये का शिलान्यास किया गया।
राज्य योजना के अंतर्गत कोटाबाग–रामनगर–कालाढूंगी–हल्द्वानी–काठगोदाम मार्ग पर निहाल नदी में 24 मीटर स्पान के आरसीसी सेतु के निर्माण हेतु 319.20 लाख रुपये का शिलान्यास किया गया। वहीं हल्द्वानी ब्लॉक में आईटीआई क्रॉसिंग से रामपुर रोड तथा डॉ. सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज के पास नहर कवरिंग के बाद मार्ग चौड़ीकरण कार्य के लिए 2374 लाख रुपये का शिलान्यास किया गया।
अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों में विधानसभा कॉलोनी के रमणीक राम सिंह मुख्य मार्ग (13 लाख रुपये), ग्राम फूलचौड़ में मैन तुलसी विहार मार्ग (31.41 लाख रुपये), काठगोदाम 33/11 केवी उपकेंद्र एवं संबंधित विद्युत लाइनें, हल्द्वानी जयपुर पेंडल और आईटीआई डहरिया में 33/11 केवी विद्युत परियोजनाएं शामिल हैं। इसके साथ ही राजकीय महाविद्यालय कोटाबाग में चारदीवारी, बार्बेड वायर फेंसिंग और खेल मैदान के समेकन कार्य के लिए 95.90 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इन योजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पर्यटन सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।

