भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई: 37 क्विंटल से अधिक तस्करी का सामान जब्त, तस्कर फरार
पिथौरागढ़/बैतड़ी, 13 अप्रैल 2026:
उत्तराखंड से सटे नेपाल के बैतड़ी जिले में सशस्त्र प्रहरी बल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी का भारी मात्रा में सामान जब्त किया है। यह सामान भारत से अवैध रूप से नेपाल ले जाया जा रहा था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 21 लाख नेपाली रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 3 बजे सशस्त्र प्रहरी ने एक ट्रैक्टर और बोलेरो वाहन को पकड़ा, जिनमें बड़ी मात्रा में सामान भरा हुआ था। कार्रवाई के दौरान तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
क्या-क्या सामान हुआ बरामद
जब्त किए गए सामान में करीब 32 क्विंटल चीनी, 5 क्विंटल मिश्री और अन्य किराना सामग्री शामिल है। बताया जा रहा है कि यह सामान पिथौरागढ़ जिले के झूलाघाट क्षेत्र के हल्दू से नेपाल ले जाया जा रहा था।
कस्टम ड्यूटी से बचने की कोशिश
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि तस्कर कस्टम ड्यूटी से बचने के लिए अवैध रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे। सामान्य तौर पर अंतरराष्ट्रीय सीमा से व्यापारिक मात्रा में सामान ले जाने पर कस्टम शुल्क देना अनिवार्य होता है, लेकिन तस्कर नियमों को दरकिनार कर चोरी-छिपे सामान पार करा रहे थे।
काली नदी बना तस्करी का रास्ता
भारत-नेपाल को जोड़ने वाले झूलाघाट स्थित अंतरराष्ट्रीय झूला पुल पर सख्ती के चलते तस्कर अब काली नदी के जरिए सामान पार कराने की कोशिश करते हैं। इसके लिए टायर ट्यूब का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की नजरों से बचा जा सके।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
सशस्त्र प्रहरी के डीएसपी जंग बहादुर कुंवर ने बताया कि जब्त सामान को महाकाली कस्टम कार्यालय, जूलाघाट को सौंप दिया गया है। वहीं, सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बढ़ा रही हैं।
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में भी इसी क्षेत्र से करीब 19 लाख रुपये मूल्य का तस्करी का सामान पकड़ा गया था। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए सीमा पर चौकसी और सख्त किए जाने की जरूरत महसूस की जा रही है।

