देहरादून में अंतरराष्ट्रीय आइस रिंक का लोकार्पण
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को रायपुर स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में देश के एकमात्र अंतरराष्ट्रीय स्तर के आइस स्केटिंग रिंक के जीर्णोद्धार कार्यों का उद्घाटन किया। उन्होंने इसे उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2011 में बने इस रिंक में साउथ-ईस्टर्न एशियन विंटर गेम्स का आयोजन किया गया था, जिसमें भारत के अलावा नेपाल, भूटान, मालदीव और श्रीलंका के खिलाड़ी भी शामिल हुए थे। लेकिन लंबे समय तक उपेक्षा के कारण यह रिंक बंद पड़ा रहा। अब सरकार की पहल और संकल्प से इसे दोबारा चालू किया गया है।
धामी ने कहा कि रिंक को पुनः क्रियाशील बनाने के लिए जरूरत पड़ने पर विदेश से विशेषज्ञ इंजीनियरों को भी बुलाया गया। इस रिंक को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए इसमें 1 मेगावाट का सोलर प्लांट भी स्थापित किया गया है।

उन्होंने बताया कि यह रिंक न सिर्फ अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरता है, बल्कि यह दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा आइस स्केटिंग रिंक भी हो सकता है। आइस स्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने यहां भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित करने का प्रस्ताव भी दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को खेलों की भूमि के रूप में विकसित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, विधायक उमेश शर्मा काउ, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, अपर सचिव प्रशांत आर्य, खेल विभाग के अधिकारी और कई खिलाड़ी उपस्थित रहे।