देहरादून- चालकों की हड़ताल से पेट्रोल का संकट
Dehradun: थिथौला स्थित आईओसी, एचपी और भारत गैस के सभी चालकों ने केंद्र सरकार के हिट एंड रन कानून के खिलाफ चक्का जाम कर हड़ताल की घोषणा की है। इस हड़ताल से गढ़वाल मंडल में तेल और गैस की आपूर्ति में संकट का खतरा बढ़ा है।
थिथौला के इंडियन ऑयल कारपोरेशन में 150 से अधिक गाड़ियां गढ़वाल मंडल में पेट्रोल, डीजल और कैरोसिन आपूर्ति करती हैं। यहां के हिंदुस्तान पेट्रोलियम में भी लगभग 100 गाड़ियां राज्य में डीजल, पेट्रोल और कैरोसिन की आपूर्ति करती हैं। थिथौला में भारत गैस का डिपो है, जहां लगभग 100 गाड़ियां राज्य में एलपीजी की आपूर्ति करती हैं।
तीनों डिपो के चालकों ने हिट एंड रन कानून के खिलाफ चक्का जाम कर हड़ताल की है। चालकों का कहना है कि जब तक केंद्र सरकार इस कानून को रद्द नहीं करती, वह काम पर नहीं लौटेंगे।
आईओसी डिपो के टीएम किशोर रावत के अनुसार, चालकों ने बिना लेटर दिए ही हड़ताल की है। उनका कहना है कि चालकों को पहले लेटर देना चाहिए था।