नैनीताल- विधायक हरीश धामी की गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक, याचिका निस्तारित
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में व्यवधान और तोड़फोड़ के मामले में दर्ज हुआ था मुकदमा, पुलिस पर धारा 35 का नोटिस दिए बिना चार लोगों को गिरफ्तार करने का आरोप
नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने धारचूला विधायक हरीश धामी और मनोहर टोलिया की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। दोनों की ओर से दर्ज मुकदमे को निरस्त करने और गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई के बाद न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ ने यह आदेश दिया। इसके साथ ही अदालत ने याचिका को निस्तारित कर दिया।
याचिकाकर्ताओं की ओर से अदालत को बताया गया कि पुलिस ने 15 तारीख को उनके और कई अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। आरोप लगाया गया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 35 के तहत नोटिस दिए बिना ही चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। याचिकाकर्ताओं ने आशंका जताई कि उन्हें भी गिरफ्तार किया जा सकता है। इसी आधार पर उन्होंने गिरफ्तारी पर रोक लगाने और मुकदमे को निरस्त करने की मांग की।
याचिकाकर्ताओं की ओर से दलील दी गई कि पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के अरनेश कुमार बनाम बिहार राज्य मामले में दिए गए निर्देशों का पालन नहीं किया। उनका कहना था कि सात साल से कम सजा वाले अपराधों में गिरफ्तारी से पहले निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन और धारा 35 के तहत नोटिस दिया जाना आवश्यक है। आरोप लगाया गया कि इस मामले में बिना नोटिस दिए चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।
सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से कहा गया कि याचिकाकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न किया था। साथ ही पोडियम में तोड़फोड़ और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया था।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद एकलपीठ ने अरनेश कुमार बनाम बिहार राज्य मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा पारित आदेश के अनुरूप याचिकाकर्ताओं की गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए याचिका निस्तारित कर दी।


