चीन में भारतीय स्क्वैश टीम की कप्तानी करेंगी ग्राफिक एरा की उन्नति त्रिपाठी
देहरादून, 15 मई। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी की छात्रा उन्नति त्रिपाठी को चीन में आयोजित होने वाली 33वीं एशियन जूनियर इंडिविजुअल स्क्वैश चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम का कप्तान चुना गया है। उन्नति गर्ल्स अंडर-19 वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 20 से 24 मई तक चीन में आयोजित होगी।
उन्नति त्रिपाठी ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में बीए (अंग्रेजी) प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। उनके पिता हरिओम त्रिपाठी देश के जाने-माने स्क्वैश कोच हैं। राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स में उन्नति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी मुकाबले जीते और पूरे टूर्नामेंट में एक भी सेट नहीं गंवाया। अपने दमदार खेल के चलते वह गर्ल्स अंडर-19 वर्ग में भारत की नंबर-1 खिलाड़ी बनकर उभरी हैं।
कम उम्र में ही उन्नति ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने थ्री-स्टार नेशनल सर्किट स्क्वैश टूर्नामेंट में रजत पदक, नेशनल गेम्स गोवा में टीम स्पर्धा में कांस्य पदक तथा नॉर्दर्न स्लैम इंडियन जूनियर ओपन मुंबई में स्वर्ण पदक जीतकर विशेष पहचान बनाई है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उन्नति भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वह सियोल (कोरिया) में आयोजित एशियाई जूनियर चैंपियनशिप, काहिरा में विश्व जूनियर चैंपियनशिप, मैकाऊ, डालियान, इस्लामाबाद, बोस्टन और अमेरिका में आयोजित विश्व जूनियर स्क्वैश प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का हिस्सा रह चुकी हैं।
ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने उन्नति की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने यह साबित कर दिया है कि समर्पण, अनुशासन और निरंतर मेहनत के दम पर भारतीय युवा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उन्नति की कप्तानी में भारतीय टीम चीन में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को गौरवान्वित करेगी।
गौरतलब है कि ग्राफिक एरा के पांच छात्र-छात्राएं ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। महिला क्रिकेट विश्व चैंपियनशिप विजेता टीम की खिलाड़ी स्नेह राणा भी ग्राफिक एरा की छात्रा रह चुकी हैं।

