देहरादून- ग्राफिक एरा ग्लोबल स्कूल के वार्षिकोत्सव ‘प्रिस्मौरा-2026’ में बच्चों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग
संगीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों ने मोहा मन, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को किया सम्मानित
देहरादून, 5 नवंबर। ग्राफिक एरा ग्लोबल स्कूल के वार्षिक उत्सव ‘प्रिस्मौरा-2026’ में नन्हे कलाकारों ने संगीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। रंगारंग कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया और पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।
ग्राफिक एरा के सिल्वर जुबली कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल बैंड की इंस्ट्रूमेंटल प्रस्तुति से हुआ। इस अवसर पर ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने कहा कि स्कूल की शिक्षा छात्रों के जीवन की नींव होती है। विद्यार्थियों को यहां से मिली सीख और अनुभवों की अच्छी बातों को अपनाकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। शिक्षा का वास्तविक महत्व तभी है, जब उससे मिली सीख जीवन में सही फैसले लेने और आगे बढ़ने में मदद करे।
डॉ. घनशाला ने ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज की उपलब्धि साझा करते हुए बताया कि संस्थान को 19 एमडी ब्रांचों में पीजी की 72 सीटों की मान्यता मिली है।
एलिस इन वंडरलैंड से दशम स्कंध तक दिखी रंगारंग प्रस्तुतियां
कार्यक्रम में प्री-प्राइमरी के बच्चों ने ‘एलिस इन वंडरलैंड’ नाटक के जरिए अभिनय प्रतिभा दिखाई। कक्षा 1 और 2 के विद्यार्थियों ने समूह गान प्रस्तुत किया, जबकि कक्षा 3 से 5 के छात्रों ने योग सिंक्रोनाइजेशन के माध्यम से तालमेल और संतुलन का प्रदर्शन किया।
नृत्यमाला में जीवन के पांच तत्वों पर आधारित नृत्य नाटिका पेश की गई। वहीं, गढ़वाली और बंगाली लोकनृत्यों के जरिए देश की सांस्कृतिक विविधता को मंच पर उतारा गया। उत्सव का मुख्य आकर्षण ‘दशम स्कंध’ रहा, जिसमें विद्यार्थियों की प्रभावशाली प्रस्तुति को दर्शकों की खूब सराहना मिली।
राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला और वाइस चेयरपर्सन डॉ. राखी घनशाला ने राष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
सम्मानित होने वालों में टेबल टेनिस के सार्थक बिष्ट और रिद्धिमा बिष्ट, शूटिंग के राधिक थापा, आर्या डिमरी और मेहुल राणा तथा रोलर स्केटिंग के काव्या पंत और वत्सल चौहान शामिल रहे।
इस अवसर पर ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के प्रो-चांसलर डॉ. राकेश शर्मा, कुलपति डॉ. नरपिंदर सिंह, कुलसचिव डॉ. नरेश कुमार शर्मा, ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी की कुलपति डॉ. तबस्सुम नकवी, कुलसचिव डॉ. ज्योति छाबड़ा, स्कूल के प्रधानाचार्य राजकुमार त्रेहन सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहे।


