ग्राफिक एरा में 7 देशों के छात्रों ने सीखी एआई और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग की आधुनिक तकनीकें
देहरादून, 28 जुलाई: ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय तकनीकी कार्यशाला में सात देशों के छात्र-छात्राओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग (HPC) की अत्याधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला का उद्देश्य प्रतिभागियों को आधुनिक GPU कंप्यूटिंग और एआई आधारित अनुप्रयोगों की उन्नत जानकारी उपलब्ध कराना था।
‘AI and High-Performance Computing with NVIDIA DGX B200’ विषय पर आयोजित इस कार्यशाला में रूस, तुर्की, मिस्र, ट्यूनीशिया, म्यांमार, लाइबेरिया और जिम्बाब्वे के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यशाला के दौरान ग्राफिक एरा के प्रोफेसर डॉ. अरुण चौहान और डॉ. रेहान ने विश्वविद्यालय के सेंटर ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग का परिचय दिया। उन्होंने एनवीडिया के एआई एवं एचपीसी इकोसिस्टम, NVIDIA DGX B200 की आर्किटेक्चर, कम्प्यूटेशनल क्षमताओं और आधुनिक GPU कंप्यूटिंग की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने बताया कि वर्तमान समय में GPU आधारित कंप्यूटिंग का उपयोग मशीन लर्निंग, डीप लर्निंग, जेनरेटिव एआई, लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLMs), कंप्यूटर विजन, वैज्ञानिक अनुसंधान और बड़े पैमाने पर डेटा प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहा है।
कार्यशाला में प्रतिभागियों को NVIDIA DGX B200 प्लेटफॉर्म पर एआई और मशीन लर्निंग एप्लिकेशन विकसित करने तथा उन्हें व्यावहारिक रूप से संचालित करने का प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे उन्हें उद्योग में उपयोग होने वाली आधुनिक तकनीकों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ।
इस अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के इंटरनेशनल अफेयर्स विभाग द्वारा किया गया। कार्यक्रम में डीन ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स एंड कम्प्यूटिंग डॉ. डी.आर. गंगोडकर, एक्जीक्यूटिव सुचित अरोड़ा, विश्वविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में भारतीय एवं विदेशी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

