देहरादून: ग्राफिक एरा भीमताल में मुख्यमंत्री धामी ने किया नए अकादमिक ब्लॉक और ऑडिटोरियम का उद्घाटन
आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को मिलेगा मुफ्त होटल मैनेजमेंट डिप्लोमा, ₹5,000 मासिक स्टाइपेंड और ₹60 हजार छात्रवृत्ति
भीमताल, 4 जुलाई। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल परिसर में शनिवार को आयोजित भव्य समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नए अकादमिक ब्लॉक, अत्याधुनिक ऑडिटोरियम और ‘ग्राफिक एरा कौशल ज्योति योजना’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास और युवाओं के सशक्तिकरण में ग्राफिक एरा की भूमिका की सराहना करते हुए इसे प्रदेश के विकास का महत्वपूर्ण साझेदार बताया।
कार्यक्रम में ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संस्थापक अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) कमल घनशाला ने ‘ग्राफिक एरा कौशल ज्योति योजना’ की घोषणा की। इस योजना के तहत ऐसे विद्यार्थियों को, जिनके परिवार की वार्षिक आय ₹4 लाख से कम है, एक वर्षीय होटल मैनेजमेंट डिप्लोमा निःशुल्क कराया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों को ₹5,000 प्रति माह स्टाइपेंड और ₹60,000 की छात्रवृत्ति भी दी जाएगी। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को कौशल आधारित शिक्षा देकर उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री का हुआ पारंपरिक स्वागत
समारोह में मुख्यमंत्री का पारंपरिक पहाड़ी टोपी और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, नैनीताल विधायक सरिता आर्या, जिला भाजपा अध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के मुख्यमंत्री पद पर पांच वर्ष पूरे होने पर भी उनका विशेष सम्मान किया गया। उपस्थित लोगों ने खड़े होकर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका अभिनंदन किया।
समाज और रोजगार में ग्राफिक एरा का योगदान
अपने संबोधन में प्रो. (डॉ.) कमल घनशाला ने कहा कि ग्राफिक एरा केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही नहीं, बल्कि सामाजिक विकास के लिए भी लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि संस्थान ने अब तक 1,000 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार सृजित किए हैं। साथ ही स्थानीय महिलाओं के सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और नियमित रक्तदान जैसे सामाजिक अभियानों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
सम्मानित होने वालों में शामिल रहे—
- कर्णिका नेगी – भारतीय इंजीनियरिंग सेवा (IES) परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 152।
- गुंजन भनवाल – एटलासियन में ₹66.01 लाख वार्षिक पैकेज।
- विभा चंदोला – गूगल में ₹54.84 लाख वार्षिक पैकेज।
- हर्षित बिष्ट, खुशी जोशी और जीवन जोशी – अमेज़न में ₹47.88 लाख वार्षिक पैकेज।
- प्राची साह – बीएनवाई मेलॉन में ₹22 लाख वार्षिक पैकेज।
शिक्षा और कौशल विकास को बताया विकास की आधारशिला
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा और कौशल विकास किसी भी राज्य की प्रगति की आधारशिला हैं। उन्होंने ग्राफिक एरा के विद्यार्थियों की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्लेसमेंट की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान उत्तराखंड के युवाओं को वैश्विक पहचान दिला रहा है।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, अनुसंधान और कौशल विकास को बढ़ावा देने में ग्राफिक एरा का योगदान सराहनीय है। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय के आधुनिक ऑडिटोरियम और अधोसंरचना की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि यह संस्थान “विरासत के साथ नवाचार और विकास” के विजन को साकार कर रहा है।
100 बेड अस्पताल के प्रस्ताव को मिली सराहना
मुख्यमंत्री ने प्रो. कमल घनशाला द्वारा भीमताल में 100 बेड अस्पताल स्थापित करने के प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी और स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, कठिन परिश्रम करने और “संकल्प से सिद्धि” के मंत्र के साथ जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
केक काटकर मनाया पांच साल का कार्यकाल
कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्री पद पर पांच वर्ष पूरे होने और उत्तराखंड के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले मुख्यमंत्री बनने की दिशा में उनकी उपलब्धि के उपलक्ष्य में केक काटा गया। समारोह में मौजूद लोगों ने इस अवसर को उत्साह और तालियों के साथ यादगार बनाया।

