मसूरी विंटर लाइन कार्निवाल–2025 का भव्य समापन, मंत्री गणेश जोशी ने किया धन्यवाद
मसूरी। सोमवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी स्थित टाउन हॉल में आयोजित मसूरी विंटर लाइन कार्निवाल–2025 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्निवाल को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी हितधारकों, आयोजकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस वर्ष कार्निवाल का प्रत्येक दिवस देश और राज्य की महान विभूतियों को समर्पित रहा। उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के साथ-साथ शहीदों, पद्मश्री सम्मानित विभूतियों और उत्तराखंड के महानायकों के नाम पर कार्निवाल के दिन समर्पित किए गए।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मसूरी विंटर लाइन कार्निवाल न केवल पर्यटन को बढ़ावा देने का कार्य करता है, बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को पहाड़ी क्षेत्रों के पौष्टिक, स्वादिष्ट और पारंपरिक स्थानीय व्यंजनों से भी परिचित कराता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2013 में आपदा के बाद पर्यटन को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से विंटर लाइन कार्निवाल की शुरुआत की गई थी, जो आज मसूरी की एक विशिष्ट पहचान बन चुका है।
उन्होंने कहा कि कार्निवाल के दौरान एडवेंचर स्पोर्ट्स, साइकिल रैली, हार्ले डेविडसन बाइक रैली, साहसिक खेल, विंटेज कार रैली, स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और स्टार नाइट जैसे आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिन्होंने पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित किया।
मंत्री ने कहा कि विंटर लाइन कार्निवाल “पहाड़ों की रानी” मसूरी की प्राकृतिक सुंदरता, उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं, स्थानीय व्यंजनों और उत्पादों को देश और विदेश तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने टाउन हॉल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी सहभागिता की।
समापन अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, दायित्वधारी कैलाश पंत, मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

