उत्तराखंड के अंत्योदय परिवारों को सरकार का तोहफा, मुख्यमंत्री फ्री 3 गैस सिलेंडर योजना 2027 तक बढ़ी
उत्तराखंड सरकार ने अंत्योदय राशन कार्ड धारकों के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। मुख्यमंत्री निशुल्क तीन गैस सिलेंडर योजना को 2027 तक बढ़ा दिया गया है। यह योजना पहली बार 2022-23 में शुरू की गई थी और इस वर्ष मार्च में समाप्त होने वाली थी। वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने इस योजना के विस्तार को राज्य के अंत्योदय परिवारों के पुनरुत्थान के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों के अनुसार अंतिम छोर पर बैठे व्यक्तियों के उत्थान की दिशा में सरकार ने यह निर्णय लिया है। उनका मानना था कि किसी भी समाज का विकास उन परिवारों के कल्याण के बिना संभव नहीं है, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं।
इस योजना के तहत अंत्योदय परिवारों को हर साल तीन गैस सिलेंडर मुफ्त प्रदान किए जाएंगे, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और उन्हें गैस की बढ़ती कीमतों से राहत मिलेगी। सरकार का उद्देश्य दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों की मदद करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।