देहरादून: तिरंगा यात्रा निकालकर कांग्रेस ने सेना और देश की एकता के समर्थन में दिखाई मजबूती
देहरादून। देश की एकता और भारतीय सेना के समर्थन में उत्तराखंड कांग्रेस ने राजधानी देहरादून में तिरंगा यात्रा निकालते हुए राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि पार्टी अपने सभी राजनीतिक मतभेदों को भुलाकर इस कठिन घड़ी में केंद्र सरकार और देश की सेना के साथ मजबूती से खड़ी है।
पुलवामा हमले की बरसी पर श्रद्धांजलि स्वरूप कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी मुख्यालय से तिरंगा यात्रा निकाली। करण माहरा के नेतृत्व में कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर राजपुर रोड, घंटाघर, पलटन बाजार, डिस्पेंसरी रोड, दशमेश चौक होते हुए बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचे। इस दौरान सेना के समर्थन में नारेबाजी करते हुए देशभक्ति का उत्साह भी दिखाया गया।
बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यकर्ताओं ने देश की एकता, अखंडता और भारतीय सेना के समर्थन में कटिबद्ध रहने का संकल्प लिया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष माहरा ने कहा कि देश के लिए हर प्रकार की कुर्बानी देने को पार्टी तैयार है।
प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि भारतीय सेना ने संयम और साहस के साथ आतंकियों को निशाना बनाते हुए पहले दिन ही पुलवामा हमले का जवाब दे दिया था। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की हर दुस्साहसी कार्रवाई का भारत ने मुंहतोड़ जवाब दिया है।
पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि पाकिस्तान ने जब-जब भारत को चुनौती दी है, उसे भारी कीमत चुकानी पड़ी है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड कांग्रेस का हर कार्यकर्ता संकट की घड़ी में सरकार, सेना और प्रशासन के साथ सहयोग को तैयार है।
इस अवसर पर कई प्रमुख नेता मौजूद रहे, जिनमें जिला अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, विधायक नरेश सिंह बिष्ट, ललित बोरा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष जयवंत रौतेला, हेम पंवार, अय्यूब शर्मा, याकूब सिद्दीकी, दीप्ति जोशी, गरिमा दसौनी, वीरेन्द्र पोखरियाल और जगदीश धीरान शामिल रहे।