सरकारी स्कूलों में अब एल्यूमिनियम के बर्तनों में भोजन नहीं पकाया जाएगा
देहरादून।
जिले के सरकारी स्कूलों में अब एल्यूमिनियम के बर्तनों में भोजन नहीं पकाया जाएगा। जिलाधिकारी सविन बंसल ने निर्देश दिए हैं कि सभी स्कूलों से एल्यूमिनियम के बर्तन हटाकर लोहे के बर्तनों का उपयोग किया जाए।
बुधवार को क्लॉक टावर स्थित सभागार में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना की समीक्षा के लिए आयोजित जिला स्तरीय क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने जिले के 125 स्कूलों में रसोईघर (किचन) नहीं होने पर नाराजगी जताई और तत्काल इन स्कूलों के लिए एक करोड़ रुपये की राशि जारी करने की घोषणा की।
इसके अलावा, जिन स्कूलों में छात्र संख्या अधिक है, वहां भोजनमाता की सहायता के लिए एक सहायक नियुक्त किया जाएगा। जिले में ऐसे लगभग 50 स्कूल चिन्हित किए गए हैं।
बैठक में यह भी बताया गया कि जिले के 91 स्कूलों के किचन अत्यंत जर्जर स्थिति में हैं और 604 स्कूलों के रसोईघरों की मरम्मत की आवश्यकता है।